दौसा

राजस्थान: रात को खाना खाकर सोया सुबह तूड़े में दबा मिला युवक का शव, गले पर मिले चोट के निशान, क्षेत्र में तनाव

राजस्थान के दौसा जिले के पाखर चौड़ा की गांव 23 साल के वीर बहादुर उर्फ गोलू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

2 min read
Jun 19, 2026
पाखर चौड़ा की मर्डर
शव लेकर मंडावर थाने के बाहर धरने पर बैठे हुए ग्रामीण. Photo- Patrika

मंडावर। राजस्थान के दौसा जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के पाखर चौड़ा की गांव निवासी 23 वर्षीय युवक वीर बहादुर उर्फ गोलू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। परिजन और सैकड़ों ग्रामीण शव लेकर मंडावर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। महिलाओं की चीख-पुकार और ग्रामीणों के आक्रोश के बीच हॉस्पिटल रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता भी जाम कर दिया गया, जिससे गांधी चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा ।

MLA राजेंद्र मीणा ने दिया 3 दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन

सूचना पर सीओ अनूप सिंह, महुवा थानाधिकारी महेंद्र यादव, एडिशनल एसपी शंकर लाल, योगेंद्र फौजदार और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बाद में क्षेत्र के विधायक राजेंद्र मीणा ने मौके पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया । MLA राजेंद्र मीणा ने परिजनों को 3 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ ।

मौके पर पहुंचे विधायक राजेंद्र मीणा. Photo- Patrika

परिजनों के अनुसार वीर बहादुर उर्फ गोलू पुत्र पप्पू राम मीणा गुरुवार रात को खाना खाकर सोया था। शुक्रवार सुबह गोलू अपने बिस्तर पर नहीं मिला तो तलाश करने पर उसका शव घर के आंगन में पशुओं के चारे (तूड़ा) में दबा हुआ मिला। मृतक के पिता पप्पू राम पुत्र रामसिंह मीणा ने अपने भाई बजरंग मीणा के साथ गोलू के शव को बाहर निकाला। परिजनों ने गोलू की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है और गले पर निशान होने का दावा किया है ।

हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू

पुलिस ने पप्पू राम मीणा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । वहीं राजकीय अस्पताल मंडावर में गठित मेडिकल बोर्ड की टीम नरसी राम मीणा, विजय नामा और अशोक मीणा ने मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम किया ।

मंडावर में धरने पर बैठे हुए लोग. Photo- Patrika

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और पाखर चौड़ा की गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सीओ अनूप सिंह ने बताया कि हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच महेंद्र यादव को सौंपी गई है। युवक गोलू की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।

यह वीडियो भी देखें

Updated on:
19 Jun 2026 05:34 pm
Published on:
19 Jun 2026 05:29 pm