
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग (NITI Aayog) की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लिया। 'विकसित भारत @ 2047: समावेशी मानव विकास' विषय पर केंद्रित इस महत्वपूर्ण बैठक में मानव संसाधन विकास, सुशासन, नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने पर व्यापक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के साथ-साथ पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनभागीदारी के माध्यम से उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार 12 वर्ष तक देश की सेवा करने और लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार जनादेश प्राप्त करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निरंतर राष्ट्रीय सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में एक नया मानदंड स्थापित किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी और नीति आयोग के सभी सदस्यों को अगले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित होने वाले कुंभ मेले और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
बैठक में विकसित भारत 2047 के विजन, सहकारी संघवाद को मजबूत करने और देश के सभी राज्यों के संतुलित एवं समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही राज्यों और केंद्र सरकार के बीच विकास प्राथमिकताओं तथा दीर्घकालिक राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने 12 वर्ष पूरे किए हैं। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई।