
IPL Betting Racket: धमतरी जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ जिला पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत ऑनलाइन सट्टे से जुड़े 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 30,98,800 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। जब्त की गई संपत्ति में 15 मोबाइल फोन, 3 लग्जरी वाहन (XUV700, Ertiga और Tata Nexon), 2 स्कूटी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले कई डिजिटल प्लेटफॉर्म का खुलासा किया। इनमें fancodeexch, GRANDEXCHANGE, GOLDENEXCH, BLISSEXCH, CRICCODE, Reddyanna, ALL PANNALE और All Paynal जैसे ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट एवं एप्लीकेशन शामिल हैं। रूद्री, सिटी कोतवाली और कुरूद थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई करते हुए इन प्लेटफॉर्म से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई में हर वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
वर्षवार कार्रवाई का विवरण
वर्ष 2023
1 प्रकरण
2 आरोपी गिरफ्तार
₹65,000 की जब्ती
वर्ष 2024
2 प्रकरण
2 आरोपी गिरफ्तार
₹95,995 की जब्ती
वर्ष 2025
3 प्रकरण
3 आरोपी गिरफ्तार
₹3,92,000 की जब्ती
वर्ष 2026 (24 जून तक)
8 प्रकरण
16 आरोपी गिरफ्तार
₹30,98,800 की संपत्ति जब्त
आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2026 में दर्ज प्रकरणों, गिरफ्तार आरोपियों और जब्त संपत्ति में कई गुना वृद्धि हुई है। पुलिस का कहना है कि यह अपराध बढ़ने का नहीं, बल्कि तकनीकी जांच और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है।
धमतरी पुलिस के अनुसार कुछ वर्ष पहले तक ऑनलाइन सट्टा ऐसा अपराध माना जाता था, जिसे मोबाइल और इंटरनेट की आड़ में संचालित कर कानून से बचा जा सकता था। लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर विश्लेषण के जरिए इस धारणा को बदल दिया। मुखबिर तंत्र, IPDR और CDR विश्लेषण, बैंक खातों की फोरेंसिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई और एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आमातालाब रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र और पीजी कॉलेज मैदान सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क की कई परतें उजागर कीं। प्रत्येक गिरफ्तारी के साथ नए लिंक सामने आते गए और पूरे संगठित गिरोह का खुलासा होता गया।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े कुछ आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं भी ऑनलाइन सट्टा, जुआ या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।