धमतरी

धमतरी में 61 पंचायत सचिवों का फेरबदल, 22 अगस्त तक संभालना होगा नया प्रभार, CEO का बड़ा फैसला

Dhamtari Panchayat Secretary Transfer: धमतरी में 61 पंचायत सचिवों के मूल प्रभार में बड़ा फेरबदल किया गया है। CEO जयंत नाहटा ने आदेश जारी कर 22 अगस्त तक नए पदस्थापना स्थल पर प्रभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Aug 17, 2026
Transfer News
Transfer - Graphic Pic

CG Transfer News: धमतरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सक्रिय, पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में जिला पंचायत धमतरी ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम उठाया है। जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने जिले के ग्राम पंचायत सचिवों के मूल प्रभार में व्यापक फेरबदल संबंधी आदेश जारी किए हैं। जिले के धमतरी, कुरुद, मगरलोड एवं नगरी जनपद पंचायतों के कुल 61 ग्राम पंचायत सचिवों के मूल प्रभार में परिवर्तन किया गया है। इनमें जनपद पंचायत धमतरी के 21, कुरुद के 25, मगरलोड के 5 तथा नगरी के 10 ग्राम पंचायत सचिव शामिल हैं।

प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार विभिन्न ग्राम पंचायतों में अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि कई ग्राम पंचायतों में 10 वर्षों से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ सचिवों के मूल प्रभार में भी परिवर्तन किया गया है। लंबे समय से एक ही पंचायत में पदस्थ सचिवों को अन्य पंचायतों में जिम्मेदारी दिए जाने से उनके अनुभव एवं कार्यकुशलता का लाभ अन्य ग्राम पंचायतों को भी मिलेगा। इससे पंचायत स्तर पर नई कार्यशैली, बेहतर समन्वय और कार्यों में अपेक्षित गतिशीलता आने की उम्मीद है।

प्रशासनिक दृष्टि से यह बदलाव पंचायतों में पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नई जिम्मेदारियों के साथ ग्राम पंचायतों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास एवं निर्माण कार्यों की निगरानी, हितग्राहीमूलक योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों से जुड़े कार्यों के त्वरित निराकरण को और गति मिलने की संभावना है।

जिला पंचायत प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त मांगों, प्रशासनिक आवश्यकताओं तथा पंचायतों के सुचारू संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य किसी कर्मचारी को दंडित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रशासन में बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए जनहित में कार्यप्रणाली (CG Transfer News) को और अधिक प्रभावी बनाना है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण हो तथा पंचायतों में विकास कार्यों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

22 अगस्त तक प्रभार सौंपने के निर्देश

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी जयंत नाहटा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित ग्राम पंचायत सचिवों को 22 अगस्त 2026 तक अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से प्रभार सौंपने एवं ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायत का यह प्रशासनिक कदम ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को और मजबूत करने, पंचायतों के कामकाज में गति एवं पारदर्शिता लाने तथा विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा जनहित और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुरूप भविष्य में भी शासन के नियमों के तहत आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिए जाएंगे।

Updated on:
17 Aug 2026 06:04 pm
Published on:
17 Aug 2026 06:04 pm