धमतरी

Dhamtari Snake Bite: सो रही मां-बेटी को जहरीले करैत ने डसा! डेढ़ साल की मासूम की मौत, मां की हालत गंभीर

Dhamtari Brewaking News: धमतरी के केकराखोली गांव में जहरीले करैत सांप के डसने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बच्ची की मां भी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2026, 12:23 PM IST
Dhamtari Snake Bite:
Dhamtari Snake Bite: सो रही मां-बेटी को जहरीले करैत ने डसा!(photo-patrika canva create)

Dhamtari Snake Bite: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम केकराखोली में जहरीले सांप के डसने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी मां के साथ घर में सो रही थी, तभी करैत सांप ने दोनों को डस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में मां-बेटी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी मां की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Snake Bite: रात में सोते समय मां-बेटी को सांप ने डसा

जानकारी के अनुसार, संतोषी मरकाम अपनी करीब डेढ़ वर्षीय बेटी मनस्वी के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान जहरीला करैत सांप बिस्तर पर पहुंच गया और दोनों को डस लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां की नींद खुली। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

जिला अस्पताल ले गए परिजन

सांप के डसने की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में मां-बेटी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद डेढ़ वर्षीय मनस्वी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संतोषी मरकाम की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

बच्ची की मौत से परिवार में पसरा मातम

मासूम बच्ची की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। अचानक हुए इस हादसे से परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी शोक का माहौल बन गया। मासूम की मौत से ग्रामीणों में दुख और चिंता का माहौल है। वहीं, बच्ची की मां की गंभीर हालत को लेकर भी परिवार के लोग परेशान हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Updated on:
1 Oct 2026, 12:23 PM IST
Published on: