
Chhattisgarh BJP Join: कुरुद क्षेत्र की राजनीति में गुरुवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब ग्राम पंचायत भैंसबोड की महिला सरपंच गंगा बाई साहू ने अपने सहयोगी पंचों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक अजय चंद्राकर की मौजूदगी में सभी पंचायत प्रतिनिधियों का भगवा गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया। राजनीतिक दृष्टि से इस घटनाक्रम को पंचायत स्तर पर भाजपा के बढ़ते प्रभाव और संगठन विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं कांग्रेस के लिए इसे एक छोटे लेकिन महत्वपूर्ण झटके के रूप में भी माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह कुरुद स्थित विधायक अजय चंद्राकर के निवास में भाजपा प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत भैंसबोड की सरपंच गंगा बाई साहू ने अपने सहयोगी पंच संतराम साहू, ज्योति ध्रुवंशी, यशोदा दीवान और विद्या साहू के साथ भाजपा की सदस्यता ली। विधायक अजय चंद्राकर ने सभी नए सदस्यों का भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया और पार्टी की विचारधारा के साथ मिलकर क्षेत्र विकास में योगदान देने की बात कही।
भाजपा में शामिल हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि वे पार्टी की रीति-नीति और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि गांव और क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत संगठन और सक्रिय नेतृत्व जरूरी है, जिसे देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत स्तर पर इस तरह की जॉइनिंग आने वाले चुनावों को देखते हुए भाजपा के लिए संगठनात्मक मजबूती का संकेत है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भखारा क्षेत्र की पंचायत पचपेड़ी के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक बीआर साहू ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने भी विधायक अजय चंद्राकर की विकासपरक सोच और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी जॉइन करने की बात कही थी। इसके अलावा लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी हाल के दिनों में भाजपा में शामिल हो चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ अन्य नेता भी उचित समय और मंच का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए दोनों प्रमुख राजनीतिक दल संगठन विस्तार में जुटे हुए हैं। भाजपा लगातार पंचायत और ग्रामीण स्तर पर अपने जनाधार को मजबूत करने में लगी हुई है, जबकि कांग्रेस भी संगठन सृजन अभियान के जरिए नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका चुनावी राजनीति में काफी अहम होती है। ऐसे में दोनों पार्टियां स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों को अपने पक्ष में करने के लिए सक्रिय रणनीति पर काम कर रही हैं।
भैंसबोड की महिला सरपंच और पंचों के भाजपा में शामिल होने को कुरुद क्षेत्र में पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा का नेटवर्क और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधियों के दल बदलने का असर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।