
Puja ka sahi samay: हिंदू धर्म में पूजा-पाठ केवल भगवान के सामने दीपक जलाने या मंत्र पढ़ने तक सीमित नहीं है। इसमें समय, नियम और श्रद्धा का भी विशेष महत्व माना जाता है। घरों में सुबह और शाम पूजा करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। कई लोग ब्रह्म मुहूर्त में उठकर भगवान का ध्यान करते हैं, वहीं कुछ लोग शाम को दीपक जलाकर आरती करते हैं। हालांकि, धार्मिक अनुष्ठानों में दिन का एक ऐसा समय भी बताया गया है, जब भगवान को भोग लगाने के बाद विश्राम कराने की परंपरा होती है। इस समय को मध्यह्न काल कहा जाता है। इस वक्त भगवान विश्राम करते हैं।
हिंदू धार्मिक परंपराओं में दोपहर के समय भगवान को भोग लगाने के बाद विश्राम कराने की मान्यता कई मंदिरों और घरों में प्रचलित है। दोपहर के समय जब भगवान को राजभोग या मध्याह्न भोग अर्पित किया जाता है, तो उसके बाद उन्हें विश्राम कराने का भाव रखा जाता है। कुछ मंदिरों में इस दौरान दर्शन भी बंद रहते हैं और मंदिर के कपाट कुछ समय के लिए बंद कर दिए जाते हैं। आमतौर पर दोपहर करीब 12 बजे से 4 बजे के बीच कई परंपराओं में देवताओं के विश्राम का समय माना जाता है।
ब्रह्म मुहूर्त को पूजा-पाठ, ध्यान, योग और आध्यात्मिक साधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। यह समय सूर्योदय से पहले का होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस समय वातावरण शांत रहता है और मन भी एकाग्र होने में मदद मिलती है। ऐसे में सुबह जल्दी उठकर परिवारान करने के बाद भगवान का ध्यान, मंत्र जाप और पूजा करना अच्छा माना जाता है। जो लोग नियमित साधना करते हैं, उनके लिए ब्रह्म मुहूर्त का विशेष महत्व है।
सुबह सूर्योदय के समय भगवान की पूजा करना भी शुभ माना जाता है। इस समय सूर्यदेव को जल अर्पित करने, गायत्री मंत्र का जाप करने और अपने आराध्य का ध्यान करने की परंपरा है। सुबह के समय पूजा करने से दिन की शुरुआत सकारात्मक विचारों और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ होती है, जो जीवन में सुखद परिणाम देती है।
सूर्यास्त के समय यानी संध्या काल में भी पूजा-पाठ करना शुभ माना जाता है। इस समय घर के मंदिर में दीपक जलाना, भगवान की आरती करना और मंत्रों का जाप करने की परंपरा है। कई घरों में शाम को तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाया जाता है। मान्यता है कि संध्या के समय पूजा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।
प्रातः मध्याह्न और संध्या वंदन का धार्मिक महत्व समझना अनिवार्य है। संध्या वंदन केवल जप-स्तोत्र नहीं, वरन् दिन के तीन मुख्य समयों में आत्मा और प्रकृति के मिलन का अनुष्ठान है। इस प्रक्रिया में शरीर की हर अभिव्यक्ति, विशेषकर हाथों की मुद्राएं, सूक्ष्म ऊर्जा के संचालन और मन्त्र-कर्म की शुद्धि के साथ सीधे जुड़ी होती हैं। प्राचीन ग्रन्थों में नियत समयों पर की जाने वाली ये क्रियाएं मनुष्य को स्थिरचित बनाकर दिव्य-प्रभुता की अनुभूति देती हैं।
प्रदोष काल सूर्यास्त के आसपास का विशेष समय माना जाता है। हिंदू धर्म में इस समय भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। प्रदोष व्रत के दिन इस समय शिवलिंग का पूजन, जलाभिषेक, दीपदान और मंत्र जाप किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि प्रदोष काल में भगवान शिव की आराधना करने से उनकी कृपा प्राप्त होती है। इसलिए शाम के समय पूजा करने वालों के लिए यह समय विशेष माना जाता है।
दोपहर में पूजा करना हर स्थिति में अशुभ नहीं माना जाता। हिंदू धर्म में अलग-अलग देवी-देवताओं, व्रतों और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अलग-अलग पूजा-समय निर्धारित होते हैं। कई पर्वो पर मध्याह्न पूजा का विशेष महत्व होता है। जैसे भगवान राम का जन्मोत्सव यानी रामनवमी पर मध्याह्न काल में पूजा की जाती है। इसी तरह कुछ विशेष व्रतों और अनुष्ठानों में दोपहर का समय शुभ माना जाता है। इसलिए भगवान के विश्राम से जुड़ी मान्यता को सामान्य पूजा के लिए कठोर नियम नहीं माना जाना चाहिए। यह परंपरा मुख्य रूप से भगवान को भोग अर्पित करने के बाद विश्राम कराने की धार्मिक भावना से जुड़ी है। हालांकि, अपनी श्रद्धा और परंपरा के अनुसार पूजा किसी भी समय की जा सकती है।