धौलपुर

धौलपुर: रिश्तेदार बनकर घर में घुसे लुटेरे, हथियार के दम पर परिवार को बनाया बंधक; नकदी-जेवर लेकर फरार

Dholpur Robbery: धौलपुर के निहालगंज में रिश्तेदार बनकर आए बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल लूट लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Jul 29, 2026
Dholpur Robbery
धौलपुर में दिनदहाड़े लूट का मामला (Photo- Patrika)

Dholpur Robbery: धौलपुर जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बदमाश रिश्तेदार बनकर घर में घुसे थे। कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने पूरे परिवार को हथियार के दम पर बंधक बना लिया और करीब एक लाख रुपए की नकदी, लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं जाते-जाते उन्होंने घर के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि परिवार तुरंत मदद न मांग सके।

'हम अलीगढ़ से रिश्तेदार हैं'

पीड़ित पक्ष के युवक ने बताया कि घटना के समय घर पर वह, उसकी छोटी बहन और मम्मी थे। इसी दौरान गेट पर आवाज आई। बाहर जाकर देखा तो चार-पांच पुरुषों के साथ एक महिला और छोटा बच्चा भी खड़ा था। उन्होंने खुद को अलीगढ़ का रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वे बेटे को शादी के लिए देखने आए हैं। परिवार को उन पर शक नहीं हुआ और उन्हें मेहमान समझकर घर के अंदर बुला लिया। इतना ही नहीं, उन्हें पानी भी पिलाया गया।

हथियार निकालकर परिवार को बनाया बंधक

घर के अंदर आने के कुछ देर बाद बदमाशों ने एक-एक कर सभी दरवाजे बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने हथियार निकाल लिए। अचानक हुई इस हरकत से परिवार के सभी लोग घबरा गए। बदमाशों ने महिला, उसके बेटे और बेटी के साथ मारपीट की। फिर तीनों के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे किसी तरह की आवाज न लगा सकें। इसके बाद पूरा परिवार उनके कब्जे में था। परिवार को बंधक बनाने के बाद बदमाश आराम से पूरे घर की तलाशी लेने लगे। उन्होंने अलमारी और कमरों में रखा सामान खंगाला और सब सामान लूटने के बाद फरार हो गए।

रस्सियां खोलकर बाहर निकला परिवार

बदमाशों के जाने के बाद परिवार के लोगों ने काफी मशक्कत कर एक-दूसरे के हाथों की रस्सियां खोलीं। किसी तरह खुद को आजाद करने के बाद वे घर से बाहर निकले और आसपास के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर से निकलते समय बदमाश कैमरों में दिखाई दिए हैं। अब पुलिस इन्हीं फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। साथ ही पीड़ित परिवार के बयान और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

एक महीने पहले भी आए थे

पीड़ित बुजुर्ग महिला ने बताया कि यही लोग करीब एक महीने पहले भी उनके घर आए थे। उस समय घर में काम चल रहा था, इसलिए उन्हें बाद में आने के लिए कहकर वापस भेज दिया गया था। माना जा रहा है कि उसी दौरान बदमाशों ने घर और परिवार की पूरी जानकारी जुटा ली थी। इस बार उसी जानकारी का फायदा उठाकर उन्होंने रिश्तेदार बनकर घर में प्रवेश किया और दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

Updated on:
29 Jul 2026 11:24 am
Published on:
29 Jul 2026 11:13 am