
Dholpur Winning Sarpanch Candidate Attacked: धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड के कंचनपुर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी धर्मेंद्र पुत्र लल्लू ठाकुर और उसके समर्थकों ने जीते हुए प्रत्याशी विपिन शर्मा पुत्र सत्यभान शर्मा के समर्थकों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और फरसों से जमकर मारपीट की। घटना में एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने खेड़ा गांव में पहुंचकर दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला किया। मारपीट में उर्मिला पत्नी विशंभर, हर्षित पुत्र विशंभर, संतोष पुत्र पृथ्वी, साधु पुत्र विशंभर और अर्जुन पुत्र पृथ्वी सहित छह लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल धौलपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं, घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने की भी सूचना सामने आई है। मौके पर खाली कारतूस मिलने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग और हमले की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि खेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े की मुख्य वजह रास्ते का विवाद रहा है। उन्होंने बताया कि झगड़े की शुरुआत जितेंद्र सिंह निवासी मझुआ और विशंभर सिंह निवासी खेड़ा के बीच हुई थी। इसमें एक पक्ष जीते हुए सरपंच प्रत्याशी का है, तो वहीं दूसरा हारे हुए प्रत्याशी का है। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-मनोहर लाल, सीओ