डूंगरपुर

Rajasthan ACB: MLC बनाने की एवज में रिश्वत ले रहा था डॉक्टर, एसीबी ने डूंगरपुर में 1 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा

डूंगरपुर जिले के पीएचसी झौथरी में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार को एसीबी ने एमएलसी बनाने की एवज में 1,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:57 PM IST
dungarpur doctor arrested taking bribe
बाईं तरफ से दूसरे नंबर पर काले घेरे में आरोपी डॉक्टर (पत्रिका फोटो)

Dungarpur Doctor Arrested Taking Bribe: डूंगरपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी इकाई डूंगरपुर ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए डॉ. अमीत परमार, चिकित्सा अधिकारी, पीएचसी झौथरी, जिला डूंगरपुर को 1,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एसीबी इकाई डूंगरपुर में परिवादी ने लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस थाना चौरासी, जिला डूंगरपुर में दर्ज एफआईआर के अनुसंधान के दौरान मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) बनवाने के लिए पुलिस की ओर से दी गई तहरीर पर परिवादी पीएचसी झौथरी पहुंचा था।

यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार ने जांचें लिखकर डूंगरपुर से करवाने के लिए कहा। साथ ही एमएलसी बनाने की एवज में 10,000 रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।

सत्यापन के दौरान 2 हजार रुपए लेने पर जताई सहमति

शिकायत पर नियमानुसार रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी डॉ. अमीत परमार ने परिवादी से 2,000 रुपए की रिश्वत राशि लेने पर सहमति जताई। इसी दौरान आरोपी ने परिवादी से 1,000 रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त कर ली।

एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

इसके बाद गुरुवार को एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में एसीबी इकाई डूंगरपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी डॉ. अमीत परमार, चिकित्सा अधिकारी, पीएचसी झौथरी, जिला डूंगरपुर को परिवादी से 1,000 रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त करने पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की पूछताछ और अनुसंधान जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई जारी है। एसीबी की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

एसीबी ने आमजन से की यह अपील

एसीबी के अनुसार, किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण (अभियोग, प्राथमिक जांच आदि) दर्ज होने पर वह सीधे एसीबी से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। प्रस्तुत स्पष्टीकरण का एसीबी की ओर से विस्तृत विश्लेषण करने के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाता है। एसीबी ने यह जानकारी धोखाधड़ी और डर दिखाकर ठगी किए जाने की आशंका के मद्देनजर महत्वपूर्ण बताई है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने की अपील की है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। एसीबी के अनुसार, वह आमजन के वैध कार्य करवाने में पूरी सहायता करेगी।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:57 PM IST
Published on: