
Gujarat Bus Accident: गुजरात के हलोल-वडोदरा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले डूंगरपुर जिले के टामटिया निवासी 9 साल के प्रीत का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अंतिम संस्कार के दौरान पिता हितेश भाटिया बेसुध होकर गिर पड़े। वहीं घायल मां पायल नाई स्ट्रेचर पर लेटे हुए ही बेटे को अंतिम विदाई देते हुए फूट-फूटकर रोती रहीं।
जानकारी के अनुसार प्रीत अपनी मां पायल के साथ सूरत में रहता था। पायल वहां घरों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करती थी और प्रीत पढ़ाई करता था। गर्मी की छुट्टियों में मां-बेटा गांव टामटिया आए हुए थे। दोनों वापस सूरत लौट रहे थे क्योंकि अगले दिन प्रीत के स्कूल में प्रवेश की प्रक्रिया होनी थी। इसी दौरान गुजरात के हलोल-वडोदरा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में प्रीत की मौत हो गई और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद प्रीत के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में कोल्ड बॉक्स में सुरक्षित रखा गया था। वहीं घायल मां पायल के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने के कारण गुजरात में उनकी सर्जरी की बाद में उन्हें सागवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कुवैत में मजदूरी कर रहे पिता हितेश भाटिया के राजस्थान में गांव टामटिया पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब ढाई साल बाद घर लौटे हितेश अपने बेटे की मौत की खबर से पूरी तरह टूट गए। घर पहुंचते ही वे अपने पिता रमणलाल भाटिया से लिपटकर रोने लगे। इसके बाद जब उन्होंने बेटे के पार्थिव शरीर को देखा तो खुद को संभाल नहीं पाए और बेसुध होकर गिर पड़े। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें संभाला।
इधर घायल मां पायल को भी एम्बुलेंस से घर लाया ताकि वह अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके। स्ट्रेचर पर लेटी पायल ने जैसे ही बेटे का शव देखा, वह फूट-फूटकर रोने लगी। घर में मौजूद परिजन और रिश्तेदार भी अपनी आंखों के आंसू नहीं रोक पाए। धार्मिक रीति-रिवाजों के बाद प्रीत की शवयात्रा निकाली गई। इसमें आसपास के गांवों से आए समाजजन और सर्वसमाज के लोग शामिल हुए। टामटिया मोक्षधाम में गमगीन माहौल के बीच बालक का अंतिम संस्कार हुआ।