
Dungarpur Panchayat Elections : डूंगरपुर जिले में पंचायती राज में प्रथम चरण में भंडारी, सीमलवाड़ा, झोथरी, सागवाड़ा, गलियाकोट, पाड़वा, चीखली में चुनाव होंगे। नामांकन के बाद वार्डवार प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई हैं। टिकट कटने से कई वार्डों में निर्दलीयों ने भी ताल ठोकी हैं। जिसके बाद राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो गई है। कई सीटों पर निर्दलीय के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला चतुष्कोणीय बन रहा है। उधर, राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ ही निर्दलीय ने भी प्रचार तेज कर दिया है।
धंबोला पंचायत समिति सीमलवाड़ा के 15 वार्डों में 57 प्रत्याशी है। इनमें से 12 निर्दलीय है। इनमें से कुछेक टिकट नहीं मिलने से बागी के तौर पर चुनाव में डटे हुए है। वार्ड 4 में पूर्व पंचायत समिति सदस्य जाली देवी डामोर के पति एवं भाजपा कार्यकर्ता पोपट डामोर ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर पार्टी के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। यहां भाजपा से प्रेमनाथ रास्ता, कांग्रेस से महेंद्र भगोरा और बीएपी से भरत कुमार डामोर निर्दलीय पोपट डामोर ने मैदान में हैं। चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने से चुनावी गणित रोचक हो गया है।
इसी प्रकार से वार्ड 6 में पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार भोई ने निर्दलीय ताल ठोकी है। यहां भाजपा से देवीलाल कलाल, कांग्रेस से हेमंत कुमार शाह, बीएपी से अब्दुल गनी शेख और निर्दलीय सुरेश भोई चुनाव मैदान में हैं। दोनों वार्डों में बागियों की मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। ऐसे ही अन्य कुछ वार्डों में भी निर्दलीय के चुनाव लड़ने से लोगों की विशेष नजर हैं।
सागवाड़ा. सागवाड़ा पंचायत समिति में अब कुल 83 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं और सभी वार्डों में प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। चुनाव में भाजपा के 27 प्रत्याशी, कांग्रेस के 26, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के 26 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव को रोचक बना दिया है। वार्ड 2 से निर्दलीय प्रत्याशी ने बीएपी की, वार्ड 8 और वार्ड 12 में निर्दलीय ने कांग्रेस की तथा वार्ड 16 में निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा की चिंता बढ़ा रखी है।
धंबोला. नवगठित पंचायत समिति भंडारी के 15 वार्डों में 49 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां पांच निर्दलीय है। वार्ड एक सीथल में पुंजा पाटीदार, वार्ड 8 में रमनलाल हरिजन, वार्ड 9 ढूंढरिया में मोनिका लबाना, वार्ड 13 पीठ भाजपा के बागी अनिल मिश्रा, वार्ड 15 सादड़ीया में नारायण/ कुबेर निर्दलीय प्रत्याशी है। जिसमें से सीथल, ढूंढरिया,पीठ वार्ड में भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी डटे हुए है। वहींं वार्ड 8 निठाउआ से प्रत्याशी कांग्रेस का बागी बताया जा रहा है।
पंचायत समिति गलियाकोट में प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के साथ ही चुनावी मुकाबले के समीकरण भी दिलचस्प हो गए हैं। पंचायत समिति के 15 वार्डों में आठ पर चतुष्कोणीय, छह पर त्रिकोणीय और एक वार्ड में सीधा मुकाबला होगा। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 15 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, आठ निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
वार्ड 1 में कांग्रेस के नरेश, भाजपा के रोशन, बीएपी के विशाल और निर्दलीय अशोक के बीच मुकाबला है। वार्ड 3 में भाजपा के रमेश, बीएपी के प्रभुलाल, कांग्रेस के हरिप्रकाश और निर्दलीय रमेशचंद्र मैदान में हैं। वार्ड 8 में भाजपा की शीला, बीएपी के रमण, कांग्रेस के शंकरलाल और निर्दलीय राजेश के बीच चुनावी टक्कर होगी। वार्ड 9 में भाजपा की सुभद्रा, बीएपी के जितेंद्र, कांग्रेस के राकेश और निर्दलीय सूरमा के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला होगा। वार्ड 10 में भाजपा की सीता, बीएपी की छाया, कांग्रेस की प्रेमिला और निर्दलीय हीना प्रत्याशी हैं। वार्ड 11 में भाजपा के नरेश, बीएपी के अनिल, कांग्रेस के मनोज और निर्दलीय प्रकाश, वार्ड 14 में भाजपा की दुर्गा, कांग्रेस की सविता, बीएपी की रेखा और निर्दलीय मंजुला चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, वार्ड 15 में भाजपा की भारती, कांग्रेस की हेमलता, बीएपी की सुखी और निर्दलीय रवीना के बीच मुकाबला होगा।
पंचायत समिति झोथरी में 17 वार्डों में 6 निर्दलीय है। इनमें वार्ड एक, दो, तीन, 9, दस, 14 में निर्दलीय ने नामांकन पेश किया है। इसी प्रकार से पंचायत समिति चीखली में वार्ड चार, पांच, 6 , आठ, 9 , 11 , 12, 13 व 15 में निर्दलीय भी चुनाव लड़ रहे है। कुछ वार्डों में दो-दो निर्दलीय भी है। इसी प्रकार से पंचायत समिति पाड़वा में वार्ड सात, 9 व 12 में निर्दलीय है।