डूंगरपुर

Rajasthan : सागवाड़ा में खुलेगी कृषि उपज मंडी, सीएम भजनलाल के निर्देश पर कृषि विपणन बोर्ड ने तहसीलदार को भेजा पत्र

Krishi Upaj Mandi Sagwara : कृषि विपणन बोर्ड ने सागवाड़ा में कृषि उपज मंडी स्थापना के लिए 25 बीघा भूमि उपलब्ध करवाने के लिए तहसीलदार को पत्र प्रेषित किया है।

2 min read
Sagwara Krishi Upaj Mandi open CM Bhajanlal instructions Board sent letter Tehsildar
Sagwara Krishi Upaj Mandi : फोटो - AI

Krishi Upaj Mandi Sagwara News : राजस्थान बजट घोषणा 2026-27 में सागवाड़ा में कृषि उपज मंडी खोलने के प्रस्ताव पर प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ी है। निदेशक कृषि विपणन राजेश कुमार चौहान ने विधायक शंकरलाल डेचा को भेजे पत्र में बताया कि कृषि उपज मंडी समिति डूंगरपुर के अधीन राज्य सरकार की ओर से 16 अक्टूबर, 1978 को ही सागवाड़ा को गौण मंडी यार्ड अधिसूचित किया जा चुका है। परंतु यार्ड निर्माण के लिए सागवाड़ा तहसीलदार एवं नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी की ओर से क्षेत्र में भूमि अनुपलब्धता की जानकारी दी गई थी।

…तो यार्ड निर्माण की बन सकती है संभावना

भूमि नहीं होने के कारण यार्ड का निर्माण अब तक नहीं हो सका। इस स्थिति में कृषि उपज मंडी समिति डूंगरपुर की ओर से गौण मंडी सागवाड़ा में मंडी प्रांगण के लिए भूमि उपलब्धता की जानकारी के लिए तहसीलदार को पुन: आग्रह किया गया है। विभागीय टिप्पणी में कहा गया है कि क्षेत्र में कृषि उत्पादन अच्छा होने के कारण यदि 25 बीघा भूमि राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क आवंटित हो जाती है तो यार्ड निर्माण की संभावना बन सकती है।

भूमि उपलब्धता की रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। सागवाड़ा क्षेत्र के किसानों को नजदीकी मंडी मिलने से फसल विक्रय में सुविधा होगी और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कृषि विपणन बोर्ड को दिया निर्देश

विधायक शंकरलाल डेचा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सागवाड़ा में कृषि उपज मंडी की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर किसानों की लंबे समय से चली आ रही कृषि उपज मंडी खोलने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया था।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि विपणन बोर्ड ने आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करते हुए मंडी स्थापना के लिए 25 बीघा भूमि उपलब्ध करवाने तहसीलदार को पत्र प्रेषित किया है। कृषि उपज मंडी की स्थापना से क्षेत्र के किसानों को उपज के उचित मूल्य, बेहतर विपणन व्यवस्था एवं स्थानीय स्तर पर सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

8 मांगों पर समाधान नहीं होने पर सितंबर में होगा बड़ा आंदोलन

एक अन्य न्यूज के अनुसार सागवाड़ा में भारतीय किसान संघ की मासिक जिला बैठक एवं तहसील सागवाड़ा का अभ्यास वर्ग भीलूड़ा के विद्या निकेतन स्कूल में बुधवार को हुआ। बैठक में किसानों की लंबित समस्याओं पर चर्चा कर सरकार से जल्द समाधान की मांग की गई। समाधान नहीं होने पर सितंबर माह में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रतिनिधि मणिलाल लबाना ने कहा कि भारतीय किसान संघ गैर राजनीतिक, राष्ट्रवादी संगठन है जो संगठनात्मक, रचनात्मक व आंदोलनात्मक तरीके से काम करता है। देश का सबसे बड़ा किसान संगठन होने का दावा करते हुए बताया कि जिले में 50 हजार सदस्य एवं पदाधिकारी हैं। नए साल में सदस्यता बढ़ाने का अभियान चलेगा। दिसंबर-जनवरी में जिले की सभी तहसीलों के हर गांव में 11 सदस्यों की ग्राम इकाई बनाकर संगठन मजबूत किया जाएगा। प्रांत संगठन मंत्री परमानन्द ने पदाधिकारियों को संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी।

Published on:
11 Jun 2026 12:56 pm