
Dungarpur Panchayat Elections : आसपुर (डूंगरपुर). जिले में पंचायती राज चुनाव को लेकर सियासी हलचल में ग्राम पंचायत टोंकवासा के 36 कौम के लोगों ने एक जाजम पर बैठकर ग्राम पंचायत बोर्ड के चुनाव में आपसी प्रतिस्पर्धा और फिजूलखर्ची रोकने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। जिसमें विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारी जताने वाले युवाओं ने भी गांव के फैसले के समर्थन में अपनी उम्मीदवारी वापस लेते हुए अनूठी मिसाल पेश की। सरपंच व पंच चुनाव को लेकर गुरुवार को जैसे ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई तो सरपंच पद के लिए संतोष मालीवाड ने नामांकन दाखिल किया। तय सीमा में अन्य किसी उम्मीदवार का नामांकन दाखिल नहीं होने से आरओ ने सरपंच पद पर मालीवाड को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
इसी तरह से वार्ड 1 से हनुमासिंह चौहान, वार्ड 2 से हेमेंद्रसिंह राठौड़, वार्ड 3 से भमुकुंवर, वार्ड 4 से संतोष मीणा, वार्ड 5 से पुष्पा मीणा, वार्ड 6 से प्रताप कुंवर चौहान एवं वार्ड नंबर 7 से हीरा गायरी ने नामांकन दाखिल किया। तय समय सीमा में इन वार्डों में अन्य किसी प्रत्याशी का नामांकन नहीं आने से आरओ ने सातों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। वहीं अंदरखाने से गांव की जाजम पर चुने हुए वार्ड पंचों की ओर से उपसरपंच पद के लिए सर्व सहमति बना ली है। जिसपर शनिवार को पोलिंग आफिसर की ओर से विधिवत प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्विरोध कोरम को लेकर दो दिन पूर्व से ही कवायद की जा रही थी। जिसे गुरुवार को अंतिम रूप दिया गया। ग्रामीणों का मानना है कि चुनाव में लाखों रुपए खर्च होते हैं, आपसी भाईचारा टूटता है और विकास रुक जाता है। निर्विरोध चुनाव से न केवल धन और समय की बचत होगी, बल्कि जो पैसा चुनाव में खर्च होता, वह अब गांव के विकास में लगेगा।
बनकोड़ा उपतहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बनकोड़ा में गुरुवार को वार्ड पंच के चुनाव में नाम नामांकन पत्र की वापसी के बाद तीन वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। यहां सरपंच के लिए तीन उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बनकोड़ा ग्राम पंचायत के प्रत्याशियों का भाग्य चार बूथों पर पुरुष मतदाता 1633 तथा महिला मतदाता 1544 सहित कुल 3177 मतदाता मतपेटी में आज इनका भाग्य बंद करेंगे। वही चुनाव समाप्ति के बाद सरपंच तथा निर्विरोध निर्वाचन के बाद रहे शेष छह वार्ड के पंचों का भाग्य खुल जाएगा। लोकतंत्र के इस उत्सव में गुरुवार को नाम नामांकन पत्र जमा करवाने दावेदारों तथा उनके समर्थकों की मतदान केन्द्र के आस-पास भीड़ जमा रही।
बनकोड़ा ग्राम पंचायत में कुल 9 वार्ड है जिसमें 3 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इन तीनों वार्डों में आपसी सूझबूझ से निर्विरोध निर्वाचित हुए प्रत्याशियों के घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर छा गई। तीनों निर्विरोध घोषित हुए प्रत्याशियों को उपस्थित लोगों ने बधाई देकर फूल मालाएं पहनाई। निर्विरोध निर्वाचन में वार्ड संख्या-2 से शंकर, वार्ड संख्या-5 से रिया जैन तथा वार्ड संख्या-6 से प्राशु कलाल निर्विरोध निर्वाचित हुए।