डूंगरपुर

Yuvika-2026 : राजस्थान के विद्यार्थियों को अब अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखने का मिलेगा मौका, 31 मार्च आवेदन की अंतिम डेट

Yuvika-2026 : राजस्थान के विद्यार्थियों को अब अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखने का मौका मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।
2 min read
Yuvika-2026 Rajasthan Dungarpur students will get a chance to see space world closely 31 March last date
प्रतीकात्मक फोटो - AI

Yuvika-2026 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने 'युवा विज्ञान कार्यक्रम 2026 के माध्यम से देश के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में कदम रखने का द्वार खोल दिया है। इस दो सप्ताह के विशेष आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के लिए वे छात्र-छात्राएं पात्र हैं जो 1 जनवरी 2026 तक कक्षा 9 में अध्ययनरत हैं। आवेदक का भारतीय नागरिक होना और किसी भी मान्यता प्राप्त निजी या सरकारी स्कूल का विद्यार्थी होना अनिवार्य है।

विशेष बात यह है कि इसरो इस कार्यक्रम में ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को विशेष वरीयता प्रदान करता है। इच्छुक विद्यार्थी इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'युविका 2026' पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के साथ पिछले वर्षों के रिपोर्ट कार्ड और सह-पाठ्यचर्या प्रमाण पत्र (खेल, क्विज, विज्ञान प्रदर्शनी आदि) अपलोड करना अनिवार्य है।

नि:शुल्क प्रशिक्षण और सुविधाएं

चयनित विद्यार्थियों को 11 मई से 22 मई 2026 तक देश के 7 विभिन्न इसरो केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों के आवास, भोजन और पाठ्यक्रम सामग्री का संपूर्ण व्यय इसरो द्वारा वहन किया जाएगा। साथ ही, यात्रा के लिए द्वितीय श्रेणी एसी ट्रेन या समकक्ष बस किराए की सुविधा भी दी जाएगी।

सीखने को मिलेगा रॉकेट विज्ञान का आधार

युविका कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान और व्यावहारिक प्रयोगों के बीच के अंतर को कम करना है। दो सप्ताह के इस सत्र में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, उपग्रह और प्रक्षेपण यान (रॉकेट) की कार्यप्रणाली, स्पेस टेक्नोलॉजी का मौसम पूर्वानुमान, संचार और रिमोट सेंसिंग में उपयोग, इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिकों से सीधा संवाद और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण करने का मौका मिलेगा।

यह रहेगी चयन प्रक्रिया

विद्यार्थियों का चयन उनकी पिछली शैक्षणिक योग्यता और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के आधार पर होगा। चयन के लिए कक्षा 8 के अंक का 50 प्रतिशत वेटेज, ग्रामीण स्कूल के विद्यार्थी का 15 प्रतिशत वेटेज, ऑनलाइन इसरो क्विज का 10 प्रतिशत वेटेज, विज्ञान मेला/सह-पाठ्यचर्या गतिविधि का 10 प्रतिशत वेटेज, ओलंपियाड/पुरस्कार (रैंक 1 से 3) 05 प्रतिशत वेटेज, स्काउट-गाइड/एनसीसी, एनएसएस सदस्यता का 05 प्रतिशत वेटेज एवं खेल प्रतियोगिता विजेता का 05 प्रतिशत वेटेज मिलेगा।

फैक्ट फाइल

आवेदन की अंतिम तिथि : 31 मार्च 2026
प्रथम चयन सूची का प्रकाशन : 13 अप्रेल 2026
द्वितीय चयन सूची का प्रकाशन : 20 अप्रेल 2026
प्रशिक्षण की अवधि : 11 मई से 22 मई 2026।

Updated on:
24 Mar 2026 02:36 pm
Published on:
24 Mar 2026 02:36 pm
Also Read
View All