
Panchayat by-elections: दुर्ग जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति होते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दुर्ग, धमधा और पाटन जनपद में पंच-सरपंच के रिक्त पदों के लिए होने वाला यह उपचुनाव भले ही छोटा दिखे, लेकिन इसके नतीजे प्रदेश की राजनीति को बड़ा संदेश देंगे।
सबकी नजर सबसे ज्यादा पाटन पर टिकी है। पाटन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विधानसभा क्षेत्र है। यहां कांग्रेस के लिए हर पंचायत जीतना अपनी साख बचाने जैसा होगा। वहीं भाजपा के लिए पाटन में एक भी पंचायत जीतना बघेल के गढ़ में सेंध लगाने जैसा होगा। यही कारण है कि पाटन का उपचुनाव अब सिर्फ पंच का चुनाव नहीं, बल्कि दो बड़े राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।
दुर्ग जनपद की 8 पंचायतों - चंगोरी, निकुम, मचांदुर, गनियारी, भानपुरी, कातरो, रवेलीडीह, रसमड़ा और धमधा की 6 पंचायतों लहंगा, मुड़पार, बागडूमर, मेड़ेसरा, पथरिया, कपसदा में होने वाले उपचुनाव में दलों के बूथ स्तर के संगठन की असली ताकत पता चलेगी। पंचायत चुनाव में प्रत्याशी भले ही गैरदलीय लड़े, लेकिन उसके पीछे किस दल का हाथ है, यह गांव-गांव में सब जानते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ये उपचुनाव आने वाले नगरीय और पंचायत चुनावों का ट्रेलर हैं। जो दल गांव में अभी से जमीन मजबूत कर लेगा, वही आगे की लड़ाई में आगे रहेगा। कुल मिलाकर दुर्ग का यह उपचुनाव गांव की चौपाल से लेकर रायपुर के सियासी गलियारों तक चर्चा का विषय है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने तहसीलदारों को रिटर्निंग ऑफिसर और जनपद सीईओ को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाकर साफ कर दिया है कि चुनावी प्रक्रिया में कोई ढिलाई नहीं होगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब दोनों दलों ने गांवों में अपने-अपने दूतों को सक्रिय कर दिया है।