
Police Transfer List: छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शनिवार को आदेश जारी कर जिले के 10 थाना और चौकी प्रभारियों का तबादला किया गया है। सभी अधिकारियों को प्रशासनिक कारणों से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव के बाद जिले के कई प्रमुख थानों में नए थाना प्रभारी पदस्थ किए गए हैं। इनमें वैशाली नगर, पद्मनाभपुर, धमधा, नंदनी, उतई, सुपेला, पुरानी भिलाई और छावनी थाना शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, वैशाली नगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्रा को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) दुर्ग का प्रभारी बनाया गया है। वहीं ACCU दुर्ग में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद रूसिया को पद्मनाभपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नियंत्रण कक्ष भिलाई में पदस्थ निरीक्षक महेश ध्रुव को धमधा थाना की कमान सौंपी गई है।
उतई थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल का तबादला नंदनी थाना कर दिया गया है। वहीं पद्मनाभपुर थाना प्रभारी रहे निरीक्षक राजकुमार लहरे को वैशाली नगर थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव को पुरानी भिलाई थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पुरानी भिलाई थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज अब सुपेला थाना संभालेंगे।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू को उतई थाना प्रभारी बनाया गया है। उप निरीक्षक रामनारायण ध्रुव को धमधा थाना से हटाकर छावनी थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं छावनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक अमित अंदवानी को स्मृति नगर चौकी प्रभारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
दुर्ग पुलिस में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।