दुर्ग

ED की खबर लगाना पड़ा भारी! WhatsApp Status देखते ही आया फोन, युवक को धमकी देने का आरोप

Chhattisgarh News: दुर्ग में ED की खबर WhatsApp Status पर शेयर करने के बाद युवक को कथित धमकी भरा फोन आया। शिकायत पर पाटन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
3 min read
Sep 08, 2026
ED Action in Chhattisgarh: ED केस की खबर लगाई तो मिली धमकी(photo-patrika)
ED Action in Chhattisgarh: ED केस की खबर लगाई तो मिली धमकी(photo-patrika)

ED Action in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में WhatsApp Status पर ED की कार्रवाई से जुड़ी अखबार की खबर शेयर करना एक युवक के लिए परेशानी का कारण बन गया। खबर स्टेटस पर लगाने के बाद युवक को कथित तौर पर धमकी भरा फोन आने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता परमेश्वर सिंगौर ने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल ऑडियो, कॉल डिटेल और कथित धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।

ED Action: अखबार की खबर WhatsApp Status पर लगाई

शिकायतकर्ता परमेश्वर सिंगौर निवासी रूही गांव ने पुलिस को बताया कि उसने एक अखबार में प्रकाशित ED की कार्रवाई से जुड़ी खबर अपने मोबाइल के WhatsApp Status पर लगाई थी। खबर में अनिल चंद्राकर नाम का उल्लेख था। परमेश्वर ने बताया कि उसने स्टेटस के नीचे केवल ‘जामगांव एम’ लिखा था।

Status देखने के बाद आया कथित धमकी भरा फोन

परमेश्वर के अनुसार, स्टेटस लगाने के अगले दिन उसे एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को अनिल चंद्राकर बताया। शिकायत के मुताबिक, फोन पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई।

परमेश्वर ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाले ने उसे मारते-मारते थाने ले जाने और कई महीने के लिए जेल भिजवा देने की धमकी दी। उसने सामने वाले व्यक्ति को यह समझाने की कोशिश की कि खबर शेयर करने के पीछे किसी को बदनाम करने या विवाद खड़ा करने की मंशा नहीं थी। उसने केवल जानकारी के लिए अखबार की कटिंग स्टेटस पर लगाई थी।

डर के कारण गांव छोड़ने का आरोप

शिकायतकर्ता का कहना है कि बातचीत के दौरान वह काफी डर गया था। उसने अपने दोस्त भोला राम सिंगौर के मोबाइल से पूरी बातचीत रिकॉर्ड कराई। परमेश्वर के मुताबिक, इस रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव के जरिए पुलिस को सौंपा गया है। शिकायत के अनुसार, बाद में उसे जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति गांव आने वाला है और उसे बुला रहा है। इसके बाद परमेश्वर डर के कारण गांव से चला गया। उसने पुलिस को अपनी जान को खतरा महसूस होने की बात भी बताई है।

ED केस वाले अनिल और धमकी के आरोपी अलग-अलग

मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि ED की कार्रवाई से जुड़े अनिल चंद्राकर और जामगांव एम निवासी जिस अनिल चंद्राकर पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है, दोनों अलग-अलग व्यक्ति हैं। परमेश्वर का कहना है कि वह ED मामले में सामने आए किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। उसने अखबार में प्रकाशित खबर पढ़ने के बाद ही उसे अपने WhatsApp Status पर शेयर किया था।

पाटन पुलिस ने दर्ज किया मामला, ऑडियो की जांच

परमेश्वर की शिकायत के आधार पर पाटन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत के साथ सौंपे गए ऑडियो रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज किसकी है और शिकायत में लगाए गए धमकी के आरोपों की वास्तविकता क्या है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ED की कार्रवाई से अलग है WhatsApp Status का मामला

गौरतलब है कि ED पहले CGPSC-2021 परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और पैसों के लेन-देन को लेकर कार्रवाई कर चुकी है। हालांकि, WhatsApp Status पर खबर शेयर करने और कथित धमकी से जुड़ा मामला पाटन पुलिस के स्तर पर अलग से जांच किया जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही धमकी और वायरल ऑडियो से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
08 Sept 2026 02:09 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:09 pm