
RTE Admission 2026 Update: शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 के लिए तीसरे और अंतिम चरण की लॉटरी गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में निकाली गई। इस चरण में 156 बच्चों को निजी स्कूलों में सीट आवंटित की गई। हालांकि, इसके बावजूद जिले में 384 सीटें अब भी खाली हैं। तीसरे चरण की लॉटरी में कुल 840 आवेदकों ने भाग लिया। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 17 से 27 अगस्त तक चलेगी। आरटीई के तहत जिले में कुल 1,581 सीटें निर्धारित की गई थीं।
खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बटन दबाकर ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, आरटीई कक्ष प्रभारी राजदीप और विपिन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
तीसरे चरण की लॉटरी में कुल 840 आवेदक शामिल हुए। इनमें 156 नए आवेदन और 684 प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के आवेदक थे। लॉटरी के बाद चयनित बच्चों के प्रवेश के लिए 17 अगस्त से 27 अगस्त तक का समय निर्धारित किया गया है।
दो चरणों के बाद निजी स्कूलों में 540 सीटें रिक्त थीं। तीसरे चरण में 156 सीटों का आवंटन होने के बाद भी 384 सीटें खाली रह गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में इन सभी सीटों का भर पाना मुश्किल माना जा रहा है।
आरटीई के तहत जिले के निजी स्कूलों में कुल 1,581 सीटें निर्धारित की गई थीं। पहले चरण की लॉटरी में 1,059 बच्चों को स्कूल आवंटित हुए, लेकिन केवल 946 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रवेश नहीं लेने और ड्रॉपआउट के कारण 635 सीटें दूसरे चरण के लिए बचीं। दूसरे चरण में 150 बच्चों को सीट आवंटित हुई, लेकिन इसके बाद भी 540 सीटें रिक्त रहीं। इन्हीं खाली सीटों को भरने के लिए तीसरे और अंतिम चरण की लॉटरी आयोजित की गई, जिसमें 156 सीटों का आवंटन किया गया।
आरटीई पोर्टल के माध्यम से निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत तीसरे और अंतिम चरण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। अब चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के भीतर संबंधित स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।