JEE Main Topper Bharat Bansal Success Story: पंजाब के मानसा जिले के छोटे से कस्बे बरेटा मंडी के भरत बंसल ने जेईई मेन 2026 में 78वीं रैंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया है।
JEE Main Topper 2026 Bharat Bansal Success Story: अगर आप मेहनती हैं और जरूरत के हिसाब से खुद को बेहतर बनाने का हुनर जानते हैं तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। इसे पंजाब के मानसा जिले के एक छोटे से कस्बे बरेटा मंडी के रहने वाले 17 वर्षीय भरत बंसल ने सही साबित कर दिखाया। जेईई मेन 2026 के नतीजों में भरत ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 78 हासिल कर देशभर में अपने माता-पिता का नाम रोशन किया। एक साधारण बैकग्राउंड से आने वाले भरत की सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
भरत के पिता पंकज बंसल ने बताया कि बरेटा मंडी एक बहुत ही छोटा और धूल भरा कस्बा है, जिसे अक्सर सुविधाओं के अभाव के कारण पिछड़ा माना जाता है। ऐसे में यहां से निकलकर नेशनल लेवल की इतनी कठिन परीक्षा में टॉप करना पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है। भरत की इस उपलब्धि से कस्बे में खुशी का माहौल है और अब उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अपनी सफलता का श्रेय भरत अपने माता-पिता और टीचर्स को देते हैं। भरत ने बताया कि उन्होंने कभी घंटों के हिसाब से पढ़ाई नहीं की, बल्कि जो भी पढ़ा उसे पूरी कॉन्सन्ट्रेशन के साथ समझा।
भरत बंसल की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने दोनों ही सेशन (जनवरी और अप्रैल) में शानदार प्रदर्शन किया। जनवरी के पहले प्रयास में उन्होंने 99.9976 परसेंटाइल स्कोर किया था, जिससे वे पंजाब के टॉपर बने थे। अप्रैल के दूसरे सेशन में उन्होंने अपने स्कोर को 100 परसेंटाइल तक ले जाने की कोशिश की और 99.9814 परसेंटाइल हासिल किए। क्योंकि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) दोनों में से सर्वश्रेष्ठ स्कोर को ही अंतिम मानती है, इसलिए उनका पहला स्कोर ही फाइनल रैंक का आधार बना।
जेईई मेन में शानदार रैंक हासिल करने के बाद भरत अब अगले महीने होने वालीजेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) परीक्षा की तैयारियों में जुट गए हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 78 ने उनके लिए देश के टॉप आईआईटी (IIT) संस्थानों के दरवाजे खोल दिए हैं। भरत का कहना है कि अगर आप अपनी मंजिल को लेकर कन्फर्म हैं, तो रास्ते की रुकावटें आपको परेशान नहीं कर सकती।भरत की उपलब्धि पर उनके कस्बे में जश्न का माहौल है और लोग उन्हें भविष्य के लिए ढ़ेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।