CUET UG 2026: एनटीए ने सीयूईटी यूजी के लिए सब्जेक्ट करेक्शन विंडो खोल दी है। रजिस्टर्ड छात्र अब 19 अप्रैल तक अपने विषयों में सुधार कर सकते हैं।
CUET UG Subject Correction Window Open: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) के लिए रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों को विषयों के चयन में सुधार करने का आखिरी मौका दिया है। स्टूडेंट्स से मिले अनुरोधों के बाद, बोर्ड ने उन आवेदकों के लिए 'सब्जेक्ट करेक्शन विंडो' खोल दी है जिन्होंने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कर लिया है और फीस जमा कर चुके हैं। छात्र अब 19 अप्रैल, 2026 की रात 11:50 बजे तक अपने पहले से चुने गए विषयों में बदलाव या अपडेट कर सकते हैं।
एनटीए ने एक ऑफिशियल प्रेस विज्ञप्ति के जरिए स्टूडेंट्स को सलाह दी है कि वे इस सुधार अवधि के दौरान अपने चुने हुए विषयों की सावधानीपूर्वक समीक्षा कर लें और उन्हें अंतिम रूप दें। नियमों के हिसाब से स्टूडेंट्स भाषाओं और सामान्य योग्यता परीक्षण (General Aptitude Test) सहित अधिकतम पांच सब्जेक्ट चुन सकते हैं। यह परीक्षा हाइब्रिड मोड में टोटल 37 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें 13 लेंग्वेज, 23 डोमेन विशेष विषय और एक जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट शामिल है।
सीयूईटी यूजी 2026 की परीक्षा 11 मई से 31 मई 2026 के बीच भारत और विदेशों के अलग-अलग शहरों में बने परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के प्रत्येक पेपर की अवधि 60 मिनट तय की गई है।
सीयूईटी यूजी प्रवेश परीक्षा से डीयू, जेएनयू, बीएचयू, जामिया, एएमयू, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी जैसे तमाम केंद्रीय विश्वविद्यालयों समेत देश की विभिन्न 250 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज के अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिला मिलेगा।
सीयूईटी 2026 के लिए आवेदन फॉर्म 3 जनवरी को जारी किए गए थे। इससे पहले, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पंजीकरण की समय-सीमा को 4 फरवरी तक बढ़ाया गया था और 23 से 26 फरवरी के बीच रजिस्ट्रेशन विंडो को फिर से खोला गया था। एनटीए द्वारा दी गई यह नई छूट उन स्टूडेंट्स के लिए राहत की बात है जो अपने विषयों के चयन को लेकर असमंजस में थे।
लेटेस्ट अपडेट के लिए उम्मीदवारों को एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइटों https://nta.ac.in और https://cuet.nta.nic.in पर नियमित रूप से जाने की सलाह दी गई है। किसी भी प्रश्न या स्पष्टीकरण के लिए, उम्मीदवार NTA हेल्प डेस्क से 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या cuet-ug@nta.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं।