RPSC SI Exam Date 2026: पेपर लीक के कारण रद्द हुई राजस्थान सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 की नई परीक्षा तिथि 20 सितंबर 2026 घोषित कर दी गई है। पिछली परीक्षा देने वाले उम्मीदवार 16 से 30 मई तक अपना फॉर्म अपडेट कर सकेंगे।
RPSC SI Re Exam 2026: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने रद्द हो चुकी सब इंस्पेक्टर पुलिस और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर एक अहम नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस भर्ती के लिए री-एग्जाम की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से 20 सितंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए योग्य उम्मीदवारों को अपने पुराने आवेदन फॉर्म में कुछ जरूरी बदलाव (अपडेट) करने होंगे, जिसकी प्रक्रिया 16 मई से शुरू होने जा रही है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि, इस परीक्षा के लिए कोई भी नया उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेगा। यह परीक्षा केवल उन्हीं 3 लाख 83 हजार 97 (3,83,097) उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाएगी जो 13 सितंबर से 19 सितंबर, 2021 के बीच हुई पिछली परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे।
सभी योग्य उम्मीदवारों को अपना पुराना आवेदन फॉर्म अपडेट करना अनिवार्य है। फॉर्म अपडेट किए बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह प्रक्रिया 16 मई, 2026 से शुरू होकर 30 मई, 2026 तक चलेगी। उम्मीदवार राजस्थान लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in के माध्यम से अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) पर जाकर फॉर्म अपडेट कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को अपने पुराने एप्लीकेशन फॉर्म में सिर्फ यही जानकारियां अपडेट करने की छूट दी गई है:
गौरतलब है कि साल 2021 में हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा बड़े स्तर पर हुए पेपर लीक और नकल के कारण विवादों में घिर गई थी। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि, कई उम्मीदवारों ने डमी कैंडिडेट बैठाकर ब्लूटूथ के जरिए या पेपर खरीदकर परीक्षा पास की थी। सबसे बड़ी हैरानी की बात तो यह थी कि, इस फर्जीवाड़े से पास हुए दर्जनों ट्रेनी एसआई राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में ट्रेनिंग भी ले रहे थे, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परीक्षा की पारदर्शिता भंग होने और युवाओं के विरोध के कारण ही राज्य सरकार और आरपीएससी ने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द करके इसे नए सिरे से कराने का फैसला लिया है।