शिक्षा

यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 में बड़े बदलाव: अब सिर्फ 12वीं पास उम्मीदवार कर पाएंगे आवेदन, उम्र सीमा भी हुई कम, देखें डिटेल्स

UP Home Guard Vacancy 2025: यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 में बड़े बदलाव किए गए हैं। अब केवल 12वीं पास उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे। आयु सीमा भी घटा दी गई है। फिजिकल टेस्ट के नियम भी बदले गए हैं। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें खबर।
2 min read
Sep 23, 2025
UP Home Guard Vacancy 2025
UP Home Guard Vacancy 2025 (Image: Gemini)

UP Home Guard Vacancy 2025: उत्तर प्रदेश में जल्द ही 44 हजार से अधिक होमगार्ड पदों पर भर्ती होने जा रही है। इस बार भर्ती नियमों में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। अब केवल वही युवा आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने इंटरमीडिएट (12वीं) पास की हो। पहले इसके लिए न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल थी लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है।

आयु सीमा में बदलाव

नई भर्ती प्रक्रिया में उम्र सीमा भी घटा दी गई है। पहले अधिकतम आयु 45 वर्ष थी, लेकिन अब केवल 30 साल तक के उम्मीदवार ही आवेदन कर पाएंगे। इसका सीधा असर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों पर पड़ेगा।

शारीरिक परीक्षा होगी कठिन

फिजिकल टेस्ट में भी बदलाव किया गया है। पुरुष उम्मीदवारों को अब 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं महिला उम्मीदवारों को 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर दौड़ना होगा। पहले यह मानक काफी अलग थे लेकिन अब इन्हें और चुनौतीपूर्ण बना दिया गया है।

बनेगा एनरोलमेंट बोर्ड

सूत्रों के अनुसार, भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए एक एनरोलमेंट बोर्ड का गठन किया जाएगा। इसमें आईजी को बोर्ड अध्यक्ष और डीआईजी को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।

डिजास्टर मैनेजमेंट वालों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि जिन उम्मीदवारों ने डिजास्टर मैनेजमेंट की ट्रेनिंग ली है या इस क्षेत्र में अनुभव रखते हैं, उन्हें भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी।

यूपी होमगार्ड भर्ती 2025जानकारी
कुल पदलगभग 44,000
योग्यता12वीं पास (पहले 10वीं थी)
आयु सीमाअधिकतम 30 वर्ष (पहले 45 वर्ष)
फिजिकल टेस्ट (पुरुष)25 मिनट में 4.8 किमी दौड़
फिजिकल टेस्ट (महिला)14 मिनट में 2.4 किमी दौड़
विशेष प्राथमिकताडिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग वालों को प्राथमिकता

क्यों जरूरी है भर्ती?

फिलहाल प्रदेश में 1,18,348 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 71,155 होमगार्ड ही सक्रिय हैं। यानी 47 हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं। इसके अलावा अगले 10 साल में लगभग 38 हजार होमगार्ड रिटायर हो जाएंगे। वर्तमान बल में आधे से ज्यादा जवान 50 वर्ष से ऊपर की उम्र के हैं।

होमगार्ड्स की सेवाएं पुलिस प्रशासन, ट्रैफिक मैनेजमेंट, अस्पतालों, स्कूलों, परिवहन, एफसीआई, नगरीय निकायों से लेकर बड़े आयोजनों तक ली जाती हैं। हाल ही में लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव और महाकुंभ-2025 की तैयारियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

यह खबर युवाओं के लिए बेहद अहम है क्योंकि नई योग्यता और आयु सीमा के नियमों से भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव आएगा।

Updated on:
23 Sept 2025 10:09 am
Published on:
23 Sept 2025 09:06 am