
AICWA Demands Ban on Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: नेटफ्लिक्स के पहले पाकिस्तानी शो 'बच्चे हैं संग समेट लो' की घोषणा के दो दिन बाद ही, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भारत में इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह मांग तब की गई है, जब नेटफ्लिक्स ने अभी तक इस बात की पुष्टि भी नहीं की है कि यह शो भारत में रिलीज होगा या नहीं। बड़े कलाकारों से सजे इस शो को नेटफ्लिक्स की मिडिल ईस्ट और नार्थ अफ्रीका (MENA) टीम ने तैयार करवाया है।
मंगलवार (24 नवंबर) को, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में इस पाकिस्तानी सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि यह शो नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज न हो।
AICWA ने अपने पत्र में लिखा, "हमने एक सख्त और स्थायी कानून बनाने की मांग की है, जिसमें सबसे कठोर सजा का प्रावधान हो। साथ ही, हम नेटफ्लिक्स इंडिया और सभी OTT प्लेटफॉर्म्स से अपील करते हैं कि वे भारत में कभी भी कोई पाकिस्तानी कंटेंट न दिखाएं।" उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान एक आतंकवादी देश था, है और हमेशा रहेगा। भारतीय स्क्रीन पर इसकी सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य किसी भी कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं है।"
प्रधानमंत्री मोदी को लिखे अपने पत्र में, AICWA ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय की मई 2025 की उस एडवाइजरी का भी जिक्र किया, जिसमें भारत के सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स से पाकिस्तानी कंटेंट की स्ट्रीमिंग रोकने के लिए कहा गया था। पत्र में कहा गया, "पुलवामा हमले के बाद, AICWA ने भारतीय फिल्म उद्योग में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। पहलगाम हमले के बाद, भारत सरकार ने भी पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट पर पाबंदियां लगाई थीं। 8 मई 2025 को, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें भारत के सभी OTT प्लेटफॉर्म्स, स्ट्रीमिंग सेवाओं और मध्यस्थों (intermediaries) से पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट, जैसे वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग मीडिया, को दिखाना बंद करने के लिए कहा गया था। इस सीरीज को रिलीज करना उस एडवाइजरी की भावना और देश की भावनाओं के पूरी तरह खिलाफ है।"
पत्र में प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी OTT और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म इस एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें, और 'बचे हैं संग समेट लो' (Bachay Hain Sang Samait Lo) को 4 दिसंबर को तय रिलीज की तारीख पर भारत में रिलीज या स्ट्रीम न होने दिया जाए। AICWA ने एक "सख्त और स्थायी कानून" बनाने की भी मांग की है, जिसमें सबसे कड़ी सजा का प्रावधान हो, ताकि पाकिस्तानी कंटेंट, कलाकारों और प्रोडक्शंस को भारतीय टेलीविजन, OTT प्लेटफॉर्म या सिनेमाघरों में कभी न दिखाया जा सके।
यह सीरीज तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों को एक साथ लाती है, जिसमें रिश्तों और प्यार के मायने पर जोर दिया गया है। नेटफ्लिक्स की यह पहली पाकिस्तानी सीरीज फरहत इश्तियाक के बेस्टसेलिंग उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह उपन्यास 2009 में 'ख्वातीन डाइजेस्ट' में एक सीरियल के रूप में छपा था और 2013 में एक किताब के तौर पर प्रकाशित हुआ था। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, अहमद अली अकबर, बिलाल अशरफ, माया अली, इकरा अजीज, हानिया आमिर, खुशाल खान, नादिया जमील, ओमैर राणा और समीना अहमद जैसे कई जाने-माने कलाकार शामिल हैं। पाकिस्तान, इटली और यूनाइटेड किंगडम में फिल्माई गई इस सीरीज को मोमिना दुरैद फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है, और मोमिना दुरैद इसकी शो-रनर और प्रोड्यूसर हैं।