मनोरंजन

‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन में छोड़े गए आंसू गैस के गोले’, अमिताभ बच्चन के पुराने पोस्ट पर शशि थरूर ने ली चुटकी

Shashi Tharoor Takes Dig At Amitabh Bachchan: शशि थरूर ने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर अमिताभ बच्चन की चुप्पी पर तंज कसा है।
2 min read
Jul 22, 2026
Shashi Tharoor Takes Dig At Amitabh Bachchan
शशि थरूर ने अमिताभ बच्चन पर कसा तंज (फोटो सोर्स- Instagram/ANI)

Shashi Tharoor Takes Dig At Amitabh Bachchan: देशभर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का वर्षों पुराना सोशल मीडिया पोस्ट फिर चर्चा में आ गया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 2012 का अमिताभ बच्चन का एक ट्वीट दोबारा साझा किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई। कई लोग इसे मौजूदा छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई से जोड़कर देख रहे हैं।

शशि थरूर ने बिग बी का पुराना पोस्ट किया शेयर

दरअसल, दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। इसी बीच शशि थरूर ने बिना कोई टिप्पणी किए अमिताभ बच्चन का पुराना पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में अभिनेता ने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल पर दुख जताया था। हालांकि यह पोस्ट साल 2012 के दिल्ली गैंगरेप विरोध प्रदर्शन के दौरान किया गया था, लेकिन मौजूदा घटनाओं के बीच इसके दोबारा सामने आने से इसकी चर्चा तेज हो गई।

शशि थरूर के पोस्ट के बाद शुरू हुईं चर्चाएं

थरूर की इस पोस्ट को कई लोग एक राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहे हैं। उनका मानना है कि उन्होंने बिना कुछ लिखे ये याद दिलाने की कोशिश की कि अलग-अलग दौर में विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रियाएं कैसी रही हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह केवल एक पुराने बयान को याद दिलाने की कोशिश है।

फिल्मी हस्तियां भी छात्रों के समर्थन में

छात्र आंदोलन को लेकर फिल्म इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां कुछ कलाकारों ने खुलकर छात्रों का समर्थन किया है, वहीं बड़ी संख्या में फिल्मी हस्तियां इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से चुप हैं। शबाना आजमी, प्रकाश राज, स्वरा भास्कर, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल, सोनाक्षी सिन्हा और जीनत अमान जैसे कई कलाकार छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं। वहीं प्रीति जिंटा और भूमि पेडनेकर ने हिंसा को किसी भी समस्या का समाधान न बताते हुए छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की।

अमिताभ बच्चन का पुराना पोस्ट

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने छात्रों पर हुई कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है, जबकि सरकार की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया गया है। ऐसे माहौल में अमिताभ बच्चन का 14 साल पुराना पोस्ट फिर सुर्खियों में आ गया है और सोशल मीडिया पर लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।

Updated on:
22 Jul 2026 03:16 pm
Published on:
22 Jul 2026 03:15 pm