
Awarapan 2 Song Ve Junoon Gets Mixed Response: इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'आवारापन 2' का पहला गाना 'वे जुनून' रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। मिथुन के म्यूजिक से सजे इस ट्रैक को जहां कुछ दर्शकों ने पसंद किया, तो वहीं कई नेटिजन्स ने इसकी तुलना फिल्म 'सैयारा' के गाने से करते हुए इसे औसत बताया। खासतौर पर रेडिट पर गाने को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
आज मंगलवार को रिलीज हुई 'वे जुनून' में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी नजर आ रही हैं। गाने में दिखाया गया है कि दिशा का किरदार इमरान के किरदार शिवम को आलिया (श्रेया सरन) की याद दिलाता है, जो पहली 'आवारापन' के गाने से आज भी फेमस हैं, इसलिए नए ट्रैक की तुलना पुराने साउंडट्रैक से होना नॉर्मल माना जा रहा है।
गाना रिलीज होने के कुछ ही समय बाद रेडिट पर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई, जिसमें एक यूजर ने लिखा कि गाना सुनते समय उन्हें कई बार लगा कि अब 'सैयारा तू तो' शुरू होने वाला है। तो वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि गाना अच्छा है, लेकिन इमरान हाशमी की फिल्मों के यादगार म्यूजिक एल्बम के मुकाबले ये उतना प्रभाव नहीं छोड़ता।
इस गाने को लेकर सिर्फ म्यूजिक ही नहीं, बल्कि दिशा पटानी के लुक पर भी चर्चा हुई। बता दें, एक रेडिट यूजर ने श्रेया सरन और दिशा पटानी की स्क्रीन प्रेजेंस को कम्पैयर करते हुए लिखा कि दोनों के व्यक्तित्व में बड़ा अंतर नजर आता है। यूजर ने ये भी कमेंट किया कि दिशा का लुक उनके रेड कार्पेट अपीयरेंस जैसा लगता है और फिल्म के किरदार के अनुरूप अलग स्टाइलिंग की जा सकती थी।
फिल्म 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को थिएटर में रिलीज होगी। इसी दिन सनी देओल की 'बंटवारा 1947' भी रिलीज होने वाली है। दोनों फिल्मों की शैली अलग है, इसलिए बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की पसंद किस ओर झुकती है, इस पर सभी की नजर रहेगी। मजेदार बात ये है कि दोनों फिल्मों में शबाना आजमी लीड रोल में हैं।