
Amid Silence On CJP Jantar Mantar Protest: देश में CJP के नेतृत्व में चल रहा छात्र आंदोलन लगातार चर्चा में बना हुआ है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन अभी भी जारी है और इस मुद्दे पर कई फिल्मी हस्तियों ने अपनी राय रखी है। इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी फैमिली के साथ लंदन में छुट्टियां मनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर उनकी फोटोज और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि, एक्टर ने अब तक CJP आंदोलन और इससे जुड़े किसी भी मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और फोटोज में शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान, बेटे आर्यन खान और छोटे बेटे अबराम खान के साथ दिखाई दे रहे हैं। बता दें, वायरल क्लिप में शाहरुख बेहद कैजुअल लुक में नजर आते हैं। उन्होंने प्लेन टी-शर्ट, बैगी ट्राउजर और हुडी पहन रखी है। परिवार के साथ उनका ये वेकेशन फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के नाम से एक नोट भी तेजी से शेयर किया जाने लगा। उस नोट में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की बात कही गई थी। हालांकि, जानकारी के अनुसार ये पोस्ट फर्जी है। शाहरुख खान की ओर से CJP आंदोलन या छात्रों के प्रदर्शन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान या सोशल मीडिया पोस्ट शेयर नहीं की गई है।
फर्जी पोस्ट वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने बिना पुष्टि के इसे शेयर भी किया। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी नोट की पुष्टि आधिकारिक अकाउंट से करना जरूरी माना जाता है। इस बीच, शाहरुख खान अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स में भी व्यस्त हैं। वो इन दिनों निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म 'किंग' की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी भी लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म 24 दिसंबर 2026 को थिएटर में रिलीज होने वाली है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर शाहरुख खान की लंदन वेकेशन की तस्वीरें और उनका नाम जोड़कर वायरल किया गया फर्जी संदेश दोनों ही चर्चा का विषय बने हुए हैं। तो वहीं, एक्टर की ओर से CJP आंदोलन पर किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।