
Adipurush writer Manoj Muntashir (X-@manojmuntashir/@dhruv_rathee)
Manoj Muntashir calls Adipurush biggest mistake: साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'आदिपुरुष' अपनी रिलीज से पहले जितनी चर्चाओं में थी, रिलीज के बाद उतनी ही विवादों में घिर गई। प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान जैसे बड़े स्टार्स से सजी इस फिल्म को रामायण का आधुनिक रूप माना गया था, लेकिन इसके डायलॉग्स , VFX और किरदारों की प्रस्तुति को लेकर दर्शकों ने कड़ी नाराजगी जताई। अब फिल्म के डायलॉग्स राइटर मनोज मुंतशिर ने पहली बार खुलकर माना है कि ये उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी।
हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मनोज मुंतशिर ने एक्सेप्ट किया कि फिल्म के डायलॉग्स लिखना और बाद में उसका सार्वजनिक रूप से बचाव करना, दोनों ही फैसले उन्हें आज तक परेशान करते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद जब लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं, तब उन्हें अपनी भूल का एहसास हुआ।
इतना ही नहीं, मनोज ने आगे बताया कि उनकी पत्नी ने पहले ही उन्हें सलाह दी थी कि फिल्म को लेकर उठ रहे विवादों में सार्वजनिक रूप से बचाव करने से बचें। उनके मुताबिक, रिलीज से कई महीने पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर आलोचना शुरू हो चुकी थी और उनकी पत्नी को अंदेशा था कि सारा गुस्सा उनके हिस्से आएगा। उस समय उन्होंने ये सलाह नहीं मानी, लेकिन अब उन्हें इसका अफसोस है। इस पर उन्होंने कहा, "आदिपुरुष मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी। उससे भी बड़ी गलती थी उसका बचाव करना। जो कुछ भी लिखा, उस पर गर्व नहीं मैं शर्मिंदा हूं और पूरे देश से माफी मांगता हूं।"
मनोज मुंतशिर ने ये भी माना कि वो भगवान राम और भगवान हनुमान जैसे पूजनीय किरदार के साथ न्याय नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि जब वो आज अपने लिखे संवादों को देखते हैं तो उन्हें खुद शर्म महसूस होती है। उनके शब्दों में, "अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो समझ नहीं आता कि मैंने वे डायलॉग्स आखिर किस सोच के साथ लिखे थे।"
ओम राउत के डायरेक्शन में बनी 'आदिपुरुष' लगभग 600 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई थी और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 390 करोड़ रुपये का कारोबार किया, लेकिन भारी लागत और लगातार विवादों के कारण इसे सफल नहीं माना गया। दर्शकों की तीखी आलोचना के बाद निर्माताओं को रिलीज के बाद कुछ विवादित डायलॉग्स में बदलाव भी करना पड़ा। बता दें, मनोज मुंतशिर का ये बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स उनके माफी मांगने के कदम की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि ये एक्सेप्टेंस बहुत देर से आई। तो वहीं, एक बार फिर 'आदिपुरुष' और उसके विवादित डायलॉग्स चर्चा का विषय बन गए हैं।
Updated on:
25 Jul 2026 01:01 pm
Published on:
25 Jul 2026 12:43 pm
