मनोरंजन

Thalapathy Vijay को सीएम बनने के बाद भी नहीं मिला फायदा, सेंसर बोर्ड के चक्कर में अब भी लटकी फिल्म ‘जन नायकन’

Vijay Movie Jan Nayakan Censor Certificate: साउथ सुपरस्टार और अब तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति की फिल्म जन नायकन के सर्टिफिकेट को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
2 min read
May 23, 2026
Thalapathy Vijay
सी जोसेफ विजय (सोर्स- एक्स)

CM Vijay Movie Jana Nayagan: साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मौजूदा मुख्यमंत्री विजय की मच अवेटेड फिल्म ‘जन नायकन’ पिछले कई महीनों से चर्चा में बनी हुई है। कभी फिल्म के लीक हुए प्रिंट को लेकर खबरें सामने आईं तो कभी इसकी रिलीज डेट टलने को लेकर फैंस परेशान नजर आए। अब इस फिल्म को लेकर एक और बड़ा अपडेट सामने आया है जिसने विजय के चाहने वालों की बेचैनी और बढ़ा दी है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

फिल्म को अब तक नहीं मिला सर्टिफिकेट (CM Vijay Movie Jana Nayagan)

बताया जा रहा है कि विजय की इस चर्चित फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड यानी CBFC से सर्टिफिकेट नहीं मिला है। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज लगातार टलती जा रही है। फिल्म के निर्माता वेंकट के नारायण ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि फिल्म अब तक सर्टिफाइड नहीं हो पाई है और टीम सेंसर बोर्ड के फैसले का इंतजार कर रही है।

फिल्म की रिलीज पर अब भी संकट के बादल

दरअसल ‘जन नायकन’ को इसी साल पोंगल के मौके पर जनवरी में रिलीज किया जाना था। फिल्म की पूरी तैयारी भी हो चुकी थी, लेकिन रिलीज से ठीक पहले मामला रिवाइजिंग कमेटी तक पहुंच गया। इसके बाद से फिल्म कानूनी और सेंसर से जुड़े मसलों में उलझती चली गई। पांच महीने गुजर जाने के बाद भी फिल्म थिएटर तक नहीं पहुंच सकी है।

हाल ही में निर्माता वेंकट के नारायण एक मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। वहां मीडिया ने जब उनसे फिल्म को लेकर सवाल किया तो उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से बचते हुए सिर्फ इतना कहा कि टीम अब भी सेंसर सर्टिफिकेट का इंतजार कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही फिल्म को मंजूरी मिल जाएगी और फिर इसे दुनियाभर में भव्य तरीके से रिलीज किया जाएगा।

निर्माता ने विजय की जमकर तारीफ की

इस दौरान निर्माता ने विजय की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि फिल्म का नाम ‘जन नायकन’ रखा गया था और अब विजय सच में जनता के नेता बन चुके हैं। निर्माता के मुताबिक, विजय का तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनना उनके लिए बेहद खुशी की बात है और इसी खुशी में वो मंदिर आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

फिल्म को लेकर एक और बड़ी चर्चा तब शुरू हुई जब खबरें आईं कि विजय ने खुद निर्माता को कान्स फिल्म फेस्टिवल से वापस चेन्नई बुलाया था। बताया जा रहा है कि विजय फिल्म की रिलीज प्रक्रिया पर खुद नजर रखना चाहते हैं ताकि जल्द से जल्द फैंस को उनकी आखिरी फिल्म देखने को मिल सके।

'जन नायकन' की स्टारकास्ट

‘जन नायकन’ को निर्देशक एच विनोद ने बनाया है जबकि फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। फिल्म में विजय के अलावा पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और बॉबी देओल जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि राजनीति में सक्रिय होने के बाद विजय की यह आखिरी फिल्म मानी जा रही है, इसलिए फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।

अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर सेंसर बोर्ड फिल्म को कब हरी झंडी देता है और विजय की ये मच अवेटेड फिल्म बड़े पर्दे पर कब दस्तक देती है।

Updated on:
23 May 2026 01:18 pm
Published on:
23 May 2026 01:17 pm