
Govinda Birthday: 'राजा बाबू' के नाम से मशहूर 'नंबर 1 हीरो' गोविंदा जिन्होंने 90 के दशक में कई हिट फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। गोविंदा ने अपने बचपन के कुछ पलों को याद करते हुए बताया कि कैसे उनका जीवन काफी संघर्षों से गुजरा था। घर की आर्थिक स्थिति उनके जन्म के पहले से ही खराब थी। उनके पिता अरुण अहूजा ने एक फिल्म बनाई जो बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह फ्लॉप हो गई, जिससे परिवार की स्थिति बिगड़ गई।
1997 में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने पुराने पल को याद करते हुए बताया कि कैसे उनके पास घर का सामान खरीदने के लिए जेब में पैसे नहीं होते थे तो दुकान वाला बनिया घंटों उन्हें अलग खड़े रहने को बोलता था। दुकानदार को पता था की मेरे पास चुकाने के लिए पैसे नहीं होते थे। मुझसे यह अपमान सहन नहीं होता था, तो एक दिन मैंने मां को मना कर दिया कि मैं सामान खरीदने नहीं जाऊंगा। यह सुनकर मां रोने लगीं और उन्हें देख मुझे भी उन्हें देखकर रोना आ गया। .
गोविंदा ने बताया कि उनका सफर फिल्म 'लव 86' से शुरू हुआ, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 80 और 90 के दशक की फिल्में 'बड़े मियां छोटे मियां', 'जोड़ी नंबर 1', हीरो नंबर 1', 'पार्टनर', 'कुली नंबर 1' जैसी कई हिट फिल्मों में काम कर अपनी पहचान बनाई। उन्हें उनके डांस मूव्स और कॉमिक टाइमिंग के लिए भी पहचाना जाता है।
एक बार गोविंदा ने यह भी बताया कि वो ऑस्कर जीतना चाहते थे। 'लोग उन पर हंसा करते थे और कहते थे कि सही से अंग्रेजी नहीं बोल पाता ऑस्कर क्या जीतेगा?' गोविंदा का मानना था अगर में जीरो से हीरो बन सकता हूं तो ऑस्कर जीतना कोई बड़ी बात नहीं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर गोविंदा को लेकर मीम शेयर हो रहे हैं। कई साल पहले, गोविंदा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें 'अवतार' फिल्म ऑफर की गई थी और उस समय जेम्स कैमरून एक्टर्स के शरीर पर पेंट करना चाहते थे। 'हीरो नंबर 1' एक्टर ने दावा किया था कि उन्होंने फिल्म ठुकरा दी थी। चूंकि, अब अवतार 3 फिल्म रिलीज हो चुकी है और ऐसा लग रहा है कि आखिरकार गोविंदा और जेम्स कैमरून ने 'अवतार: फायर एंड ऐश' में साथ काम किया है। यहां देखिये कुछ फोटोज।