
Imtiaz Ali important advice to Gen Z youth: बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर इम्तियाज अली ने आज की Gen Z पीढ़ी, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और युवाओं की सोच को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। पत्रिका में इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि आज का दौर पहले से काफी अलग है। सोशल मीडिया ने हर चीज को बेहद तेज बना दिया है, लेकिन इसी तेजी के बीच लोगों का इमोशनल जुड़ाव भी कम होता जा रहा है।
इस पर इम्तियाज अली का मानना है कि पुरानी पीढ़ी और आज की Gen Z के बीच सबसे बड़ा अंतर सोचने के तरीके का है। इम्तियाज अली ने कहा कि पहले लोग हर छोटी बात को इतना गंभीरता से नहीं लेते थे, जबकि आज की युवा पीढ़ी हर चीज में बेहद Specific हो गई है। यही वजह है कि कई बार वे छोटी-छोटी बातों में उलझ जाते हैं और खुद को पहले से ज्यादा कन्फ्यूज और लॉस्ट महसूस करते हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि हर किसी की बातों को अपनी जिंदगी का नियम नहीं बनाना चाहिए। इंसान को अपनी गलतियों और अनुभवों से सीखना चाहिए। इम्तियाज अली के मुताबिक, जिंदगी का असली अनुभव तभी मिलता है जब व्यक्ति खुद फैसले लेता है और अपने रास्ते खुद तलाशता है। बता दें, दूसरों की राय सुनना ठीक है, लेकिन हर सलाह को सही लेना नहीं।
बता दें, पत्रिका में इम्तियाज अली के इंटरव्यू के दौरान फिल्ममेकिंग को लेकर भी दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा कि आज तकनीक ने फिल्म बनाना पहले से कहीं आसान कर दिया है। अब मोबाइल फोन से भी अच्छी फिल्म बनाई जा सकती है, लेकिन फिल्म की असली ताकत उसकी कहानी और उसमें छिपे भावनात्मक जुड़ाव में होती है। अगर कहानी दर्शकों के दिल को छूती है और उसमें सच्चे इमोशंस होते हैं, तो वो किसी भी माध्यम से बनाई गई हो, लोगों तक जरूर पहुंचती है।
इम्तियाज अली का मानना है कि सोशल मीडिया के शोर से ज्यादा जरूरी अपनी आवाज पहचानना है। चाहे करियर हो या क्रिएटिविटी, सफलता उसी को मिलती है जो दूसरों की अपेक्षाओं में उलझने के बजाय अपने अनुभवों और भावनाओं पर भरोसा करना सीखता है।