
Pamala Serena Lock Upp 2: रियलिटी शो 'लॉक अप' (Lock Upp) में हर हफ्ते सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स खुद को एलिमिनेशन से बचाने के लिए अपनी जिंदगी के ऐसे राज खोलते हैं, जो दुनिया से छिपे होते हैं। शो के लेटेस्ट एपिसोड में यही देखने को मिला। पामेला सेरेना (Pamala Serena) और सूफी मोतीवाला को खुद को सुरक्षित करने का मौका मिला। जैसे ही पामेला ने सबसे पहले बजर दबाया, उन्होंने अपने छात्र जीवन से जुड़ा एक ऐसा सीक्रेट उजागर किया, जिसने शो के सभी सदस्यों और दर्शकों को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि वह मैच फिक्सिंग करती थीं।
जब पामेला को अपना सीक्रेट बताने के लिए कहा गया, तो बड़ी स्क्रीन पर 'मैच फिक्सिंग' शब्द लिखा आया। जिसे देखकर पामेला एक पल के लिए घबरा गईं। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थिति को साफ करते हुए बताया कि मामला मैच फिक्सिंग का नहीं बल्कि बुकीज के जरिए सट्टेबाजी का था। पामेला ने खुलासा करते हुए कहा, "जब मैं यूके में एक स्टूडेंट थी, तो मेरा एक दोस्त कई भारतीय और इंटरनेशनल क्रिकेटरों का करीबी था। उसे टीम के अंदर की टिप्स मिलती थीं कि कौन सी टीम जीतेगी या कौन सा खिलाड़ी रन बनाएगा। लंदन में सट्टेबाजी (Betting) लीगल है। मैंने उन इनसाइडर टिप्स के आधार पर बुकीज के जरिए दांव लगाना शुरू किया और बहुत पैसे कमाए। लेकिन मुझे अपने इस काम पर बिल्कुल गर्व नहीं है।"
पामेला ने माना कि उस समय वह एक स्टूडेंट थीं और आसानी से पैसे कमाने का लालच उन्हें इस दलदल में खींच ले गया था। बाद में उन्हें अहसास हुआ कि यह पैसे कमाने का सही जरिया नहीं है।
यूनाइटेड किंगडम (UK) में पली-बढ़ी पामेला सेरेना साल 2012 में दुबई शिफ्ट हो गई थीं। वह एक ब्यूटी क्वीन रह चुकी हैं, जो मिस यूनिवर्स दुबई 2021 और मिस यूएई वर्ल्ड 2022 का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। इसके अलावा, वह लंदन में रियल एस्टेट बिजनेस संभालती हैं। पामेला को नेटफ्लिक्स के फेमस रियलिटी शो 'दुबई ब्लिंग' से भी बड़ी पहचान मिली है।
फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किया जा रहा यह शो अब अपने अंतिम दो हफ्तों में प्रवेश कर चुका है। शो में धीरज धूपर, राम कपूर, शिल्पा शिंदे, शिवांगी जोशी और आकांक्षा चौधरी जैसे बड़े सितारे ट्रॉफी के लिए भिड़ रहे हैं। हाल ही में हर्षद चोपड़ा के एलिमिनेशन के बाद शो का रोमांच और बढ़ गया है, जहां विजेता को 1 करोड़ की इनामी राशि मिलेगी। वहीं, ये भी कहा जा रहा है कि हर्षद चोपड़ा शो में वापस आ सकते हैं।