मनोरंजन

‘स्टूडेंट्स भारत के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं’, NEET पेपर लीक विवाद पर प्रीति जिंटा ने की सरकार से अपील

NEET Paper protest: CJP के छात्र आंदोलन के बीच प्रीति जिंटा ने केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक और छात्र संगठनों के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की। उन्होंने वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया, जबकि सोनू सूद, शबाना आजमी, दिलजीत दोसांझ और अन्य स्टार्स ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी।
2 min read
Jul 21, 2026
CJP protest
NEET Paper protest (ANI/IMDb)

CJP Protest: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने केंद्र सरकार से छात्रों और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के साथ संवाद शुरू करने की अपील की है। उन्होंने वांगचुक के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया और कहा कि छात्र देश के भविष्य के लिए आवाज उठा रहे हैं।

प्रीति जिंटा ने क्या कहा?

प्रीति जिंटा ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार सोनम वांगचुक और छात्र संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करेगी, ताकि उनकी सेहत और खराब न हो। बता दें, प्रीति जिंटा (Preity Zinta) ने वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सेहत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी ये लड़ाई, जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य के लिए लड़ी जा रही है। प्रीति ने छात्रों और सोनम वांगचुक को अपना पूरा समर्थन भी जताया।

कई फिल्मी हस्तियों ने जताया समर्थन

CJP के छात्र आंदोलन को लेकर कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें एक्टर सोनू सूद, शबाना आजमी, प्रकाश राज, रितेश देशमुख और दिलजीत दोसांझ ने भी अलग-अलग माध्यमों से छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है। साथ ही, एक्टर सोनू सूद ने छात्रों के साथ सख्ती के बजाय संवेदनशीलता से पेश आने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात सुनी जानी चाहिए और उनकी चिंताओं का समाधान संवाद के जरिए निकाला जाना चाहिए।

शबाना आजमी और दिलजीत दोसांझ ने भी रखी राय

सीनियर शबाना आजमी ने 'चलो संसद' मार्च से पहले जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार है और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। तो वहीं, दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने संदेश में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए और सभी पक्षों को शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालने की अपिल की।

Updated on:
21 Jul 2026 06:05 pm
Published on:
21 Jul 2026 06:04 pm