मनोरंजन

करोड़ों की हेरोइन के साथ पंजाबी सिंगर हरबीर सिंह सोहल गिरफ्तार, थार गाड़ी से नकदी भी मिली

Punjabi Singer Arrest: पंजाब की खन्ना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है, इसमें मशहूर पंजाबी सिंगर हरबीर सिंह सोहल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सिंगर की थार गाड़ी से बड़ी मात्रा में हेरोइन और डेढ़ लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। यह रैकेट कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में बैठे हैंडलर्स द्वारा चलाया जा रहा था, जिसमें सिंगर कूरियर का काम करता था। जानिए पूरी खबर…

3 min read
May 26, 2026
पंजाबी सिंगर हरबीर सिंह सोहल गिरफ्तार

Punjabi singer Harbeer Singh Sohal arrested Drugs: मनोरंजन जगत से एक बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पंजाब पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए मशहूर पंजाबी सिंगर हरबीर सिंह सोहल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोहल की थार गाड़ी से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और नकदी भी बरामद की है। इस खबर ने पूरे सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।

SSP दर्पण अहलूवालिया ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इश दौराना उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि यह सिंगर कोई साधारण नशा तस्कर नहीं है बल्कि यह विदेश में बैठे बड़े ड्रग माफियाओं के इशारे पर काम करता था। साथ ही ये पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक हाई-टेक नेटवर्क में मुख्य सप्लायर था।

ये भी पढ़ें

Don 3 Controversy: बैन के बाद रणवीर सिंह का बयान आया सामने, 45 करोड़ जुर्माने पर दिया करारा जवाब

पंजाबी सिंगर हरबीर सिंह सोहल गिरफ्तार (Punjabi singer Harbeer Singh Sohal arrested)

SSP दर्पण अहलूवालिया के मुताबिक, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान अमृतसर ग्रामीण के रहने वाले सिंगर हरबीर सिंह सोहल को दबोचा। जब पुलिस ने उसकी महिंद्रा थार गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें रखे एक बैग से 5.1 किलोग्राम उच्च क्वालिटी की हेरोइन और 1.50 लाख रुपये की 'ड्रग मनी' यानी नशे के धंधे से कमाया कैश बरामद हुआ।

पुलिस ने आगे बताया कि हरबीर सोहल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले साल 2022 में मोहाली पुलिस ने उसे एक बड़े रंगदारी और वसूली रैकेट के मामले में भी गिरफ्तार किया था। सोहल पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम है, जिसने "7 दिन", "पित्तल", "मॉबस्टर", "काला माल" और "ब्लैक बूस्ट" जैसे कई फेमस गाने गाए हैं। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वह अपने गानों और वीडियो के जरिए भी इस काले धंधे की फंडिंग करता था।

कैसे खुला अंतरराष्ट्रीय कड़ियों का राज (Harbeer Sohal Thar heroin recovery)

पुलिस ने बताया कि सिंगर हरबीर सोहल तक पहुंचने का रास्ता 7 मार्च को हुई एक गिरफ्तारी से शुरू हुआ था। तब दोराहा पुलिस ने लुधियाना के शिमलापुरी के रहने वाले 22 साल के अक्षय कुमार को 301 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। अक्षय से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर 268 ग्राम और हेरोइन, 10 ग्राम 'आइस' (मेथैम्फेटामाइन नामक सिंथेटिक ड्रग), 30 जिंदा कारतूस और एक कार बरामद हुई।

अक्षय ने कबूला कि वह यह माल शिमलापुरी के ही विशाल जिसकी उम्र 25 हैं और संजीव कुमार उर्फ सन्नी जो 35 साल का है वह खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर विशाल और फिर एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में नामजद संजीव कुमार को 20 मई को गिरफ्तार कर लिया।

जेल की दोस्ती ने बनाया अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट (Canada Australia drug smugglers Jatinder Goldie Gurjant Jatta)

संजीव कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान ड्रग्स नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन का पर्दाफाश किया। संजीव ने बताया कि रोपड़ जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात जतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर बड़े पैमाने पर तस्करी शुरू कर दी। फिलहाल गोल्डी कनाडा में बैठकर इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है। गोल्डी के साथ ऑस्ट्रेलिया में बैठा गुरजंत सिंह उर्फ जट्टा भी शामिल है। ये दोनों विदेश से भारत में ड्रग्स की खेप भेजते थे, और पंजाब में सिंगर हरबीर सिंह सोहल अपनी थार गाड़ी से उस माल को अलग-अलग शहरों में ठिकाने लगाता था।

पुलिस के अनुसार, कनाडा में बैठा 33 वर्षीय जतिंदर गोल्डी मोहाली का रहने वाला है और उस पर पहले से हत्या और रंगदारी के केस दर्ज हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में बैठा 29 वर्षीय गुरजंत जट्टा फतेहगढ़ साहिब का है, जो संगठित अपराधों में लिप्त है। इस मामले में दोराहा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें

ट्विशा शर्मा की 33 की उम्र में मौत, डायरेक्टर अभिलाष रेड्डी का आया बयान, बताया कैसा था उनका व्यवहार
Updated on:
26 May 2026 08:47 am
Published on:
26 May 2026 08:42 am
Also Read
View All