
Rahul Gandhi backs Kriti Sanon: रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में कृति सेनन के कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ। आलोचनाओं के बाद कृति सेनन ने सवाल उठाया कि महिलाओं के सांस्कृतिक मूल्यों को उनके कपड़ों से क्यों आंका जाता है? इसके बाद बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी कृति के लुक की आलोचना की। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी कृति के समर्थन में सामने आए और कहा कि महिलाओं को यह तय करने की आजादी होनी चाहिए कि वे क्या पहनें, क्या करें और कहां जाएं।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन का समर्थन किया। एक्ट्रेस को एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन में उनके कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। आज एक्ट्रेस ने भी एक पोस्ट शेयर किया, जिसको अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर री-शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन किया और लिखा, "एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी पसंद है। अपनी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए महिलाओं को ट्रोल करना बंद करें।"
बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब इस राखी के इस विज्ञापन में सेनन को राखी बांधते हुए आइवरी रंग के ब्रालेट और स्कर्ट के साथ केप पहने दिखाया गया। बाद में बहस विज्ञापन से आगे बढ़कर महिलाओं के कपड़ों, सांस्कृतिक परंपराओं और व्यक्तिगत पसंद पर केंद्रित हो गई। इस विवाद पर एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया दी और विज्ञापन में सेनन के लुक की आलोचना करते हुए कैंपेन में उनके कपड़ों पर निशाना साधा। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने इस लुक को "जानबूझकर अजीब" बताया।
कृति सेनन ने मिल रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए सवाल किया कि किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से क्यों आंका जाता है? सेनन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए गए एक नोट में लिखा: "संस्कृति और परंपराएं उसके दिल में होती हैं, न कि उसकी नेकलाइन में! साथ ही, हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?" उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ सालों में एथनिक फैशन बदल गया है, लेकिन सांस्कृतिक परंपराओं की बात आने पर महिलाओं को अक्सर उनके कपड़ों से आंका जाता है। एक्ट्रेस का यह बयान विज्ञापन को मिल रही आलोचनाओं के एक दिन बाद आया। अपनी पोस्ट में आगे कृति ने लिखा त्योहारों को कपड़ों के बजाय परंपराओं से जुड़ी भावनाओं और मूल्यों के जरिए समझा जाना चाहिए।
नूपुर सेनन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बहन कृति सेनन के बयान को री-पोस्ट करते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। नूपुर ने लिखा, "जरा सोचिए, किसी दूसरी महिला के कपड़ों से लोगों को इतनी परेशानी हो रही है। सम्मानपूर्वक अपनी सोच और नजरिए में बदलाव लाएं!". वहीं, नूपुर ने बहन को राखी बांधने पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, "कृति मुझे राखी बांधती है और जब मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं है, तो बाकी दुनिया को इससे परेशानी क्यों हो रही है?"
कृति ने उनके परिवार में रक्षाबंधन का क्या मतलब है, बताते हुए कहा, "रक्षाबंधन सुरक्षा का बंधन है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की सुरक्षा वैसे ही कर सकते हैं जैसे कोई भाई करता।" उन्होंने आगे कहा कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करते हैं, और यही भावना उनके पालतू जानवरों के लिए भी है, आखिरकार, वो भी परिवार का हिस्सा हैं।" बता दें कि इस विज्ञापन में, उन्हें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए दिखाया गया है, जबकि उनका पालतू कुत्ता यह सब देख रहा है। इसके बाद वह कुत्ते के पैर में भी एक राखी बांधती हैं।