मनोरंजन

‘रोल दिलाने के नाम पर ठगी, तीन दिन बाद पहुंचा तो ऑफिस ही गायब था’, राजकुमार राव ने सुनाई स्ट्रगल की कहानी

Rajkummar Rao:राजकुमार राव ने अपनी स्ट्रगल की कहानी में बताया कि उन्हें एक फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर ठगी का सामना करना पड़ा। वो तीन दिन बाद जब उस ऑफिस पहुंचे जहां उन्हें काम मिलने की बात कही गई थी, तो वो ऑफिस पूरी तरह से गायब था।
2 min read
Jul 08, 2026
Rajkummar Rao
Rajkummar Rao(This photo from x:@ugach_kahitarii/IMDb)

Rajkummar Rao: बॉलीवुड में सफलता की चमक जितनी ग्लैमरस दिखती है, उसके पीछे उतना ही कठिन संघर्ष छिपा होता है। एक्टर राजकुमार राव की कहानी भी इसी सच्चाई की मिसाल है। आज वो इंडस्ट्री के सबसे टैलेंटेड स्टार्स में गिने जाते हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब फिल्मों में मौका पाने के लिए उन्हें आर्थिक तंगी, असफलताओं और ठगी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

एक्टिंग के सपने ने उन्हें जोखिम उठाने के लिए तैयार कर दिया

राजकुमार राव ने एक इंटरव्यू में अपने शुरुआती दिनों का एक किस्सा शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि एक्टिंग में करियर बनाने के दौरान उन्हें एक अखबार में एक लोकप्रिय टीवी शो के ऑडिशन का विज्ञापन दिखाई दिया। इस मौके को अपने सपनों की शुरुआत मानते हुए वो गुरुग्राम से साइकिल चलाकर दिल्ली पहुंचे। वहां उन्हें भरोसा दिलाया गया कि अगर वो 10 हजार जमा कर देंगे तो उन्हें शो में रोल मिल जाएगा।

उस दौर में 10 हजार उनके लिए बहुत बड़ी रकम थी, लेकिन एक्टिंग के सपने ने उन्हें जोखिम उठाने के लिए तैयार कर दिया। उन्होंने पैसे दे दिए, लेकिन जब कुछ दिनों बाद दोबारा उसी पते पर पहुंचे तो वहां न तो कोई ऑफिस था और न ही वे लोग मौजूद थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। ये घटना उनके संघर्ष के सबसे कठिन अनुभवों में से एक रही।

राजकुमार को कब मिली असली पहचान

यही नहीं रूके एक्टर इस झटके ने राजकुमार राव का हौसला नहीं तोड़ा। उन्होंने एक्टिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद छोटे-छोटे किरदारों से अपने करियर की शुरुआत की। साल 2010 में फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद 'गैंग्स ऑफ वासेपुर 2' और 'तलाश' जैसी फिल्मों में छोटे लेकिन दमदार रोल निभाए।

बता दें, राजकुमार को असली पहचान 'काई पो चे!' और 'शाहिद' से मिली। 'शाहिद' में दमदार एक्टिंग के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद 'क्वीन', 'न्यूटन', 'ट्रैप्ड' और 'स्त्री' जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद स्टार्स की लिस्ट में ला खड़ा किया।आज राजकुमार राव अपनी हर फिल्म में अलग तरह के किरदार निभाने के लिए जाने जाते हैं। दरअसल, जल्द ही वो फिल्म 'दादा -द सौरव गांगुली स्टोरी' में नजर आएंगे, जिसका पहला पोस्टर हाल ही में जारी किया गया है।

Updated on:
08 Jul 2026 01:24 pm
Published on:
08 Jul 2026 01:24 pm