
Ramayana Trailer Postponed: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था। फैंस सुबह से ही ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन लॉन्च से कुछ घंटे पहले मेकर्स ने इसे टालने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया। हालांकि, इसके पीछे की वजह सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म अब हॉलीवुड की बड़ी स्टूडियो कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ वैश्विक स्तर पर रिलीज होगी। इसी कारण ट्रेलर भी अब पूरी दुनिया में एक साथ लॉन्च किया जाएगा।
'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर शुक्रवार सुबह दुनिया भर में रिलीज होने वाला था। इससे पहले फिल्म की झलक दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मीडिया और चुनिंदा मेहमानों को दिखाई गई थी। ऐसे में माना जा रहा था कि अब ट्रेलर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जारी कर दिया जाएगा।
लेकिन रिलीज से कुछ घंटे पहले निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि ट्रेलर फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साझेदारी हुई है, जिसकी वजह से ट्रेलर लॉन्च की रणनीति में बदलाव किया गया है।
नमित मल्होत्रा ने जानकारी दी कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट अब 'रामायण' का अंतरराष्ट्रीय वितरण संभालेगी। उनके मुताबिक यह भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि फिल्म को उसी स्तर पर दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा, जिस तरह किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म को पेश किया जाता है।
उन्होंने अपने मैसेज में कहा कि उनका सपना था कि भारतीय महाकाव्य 'रामायण' को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया जाए। अब यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उनका मानना है कि इससे दुनिया भर के लोग भारतीय संस्कृति, पौराणिक कथाओं और हमारी समृद्ध विरासत को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर पाएंगे।
मेकर्स ने अभी तक ट्रेलर की नई रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही ट्रेलर की नई तारीख की घोषणा की जाएगी। ट्रेलर टलने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोग शुरुआत में निराश नजर आए, लेकिन जब वैश्विक रिलीज की वजह सामने आई तो अधिकांश प्रशंसकों ने इसे फिल्म के लिए बड़ा कदम बताया।
ट्रेलर लॉन्च से पहले निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, अभिनेता रणबीर कपूर और यश ने सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में फिल्म को लेकर चर्चा की। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर 'रामायण' को मिली प्रतिक्रिया ने भी फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। फिल्म को भारत के साथ-साथ वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी को भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह और कुणाल कपूर समेत कई बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिलहाल फैंस की निगाहें अब मेकर्स की अगली घोषणा पर टिकी हैं, जब 'रामायण: पार्ट 1' के ट्रेलर की नई रिलीज डेट सामने आएगी।