Ranveer Allahbadia Dig On Samay Raina: समय रैना लंबे अरसे बाद अपना नया शो Still Alive लेकर आ गए हैं। उन्होंने रणवीर अल्लाहबादिया पर जमकर भड़ास निकाली। अब इसी बीच रणवीर अल्लाहबादिया से जब समय रैना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने जो कहा वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसके बाद कहा जा रहा है कि दोनों की जुबानी जंग ने जोर पकड़ने वाली है।
Ranveer Allahbadia and Samay Raina: सोशल मीडिया और स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में इन दिनों 'समय' काफी चर्चा में है- चाहे वह घड़ी वाला समय हो या कॉमेडियन समय रैना। पिछले साल 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो के दौरान माता-पिता को लेकर पूछे गए एक आपत्तिजनक सवाल ने पूरे देश में बवाल खड़ा कर दिया था। इस विवाद में समय रैना के साथ मशहूर पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया (बीयर बाइसेप्स) का नाम भी खूब उछला। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में एफआईआर (FIR) तक दर्ज हो गईं और समय रैना को काफी समय तक लाइमलाइट से दूर रहना पड़ा।
महीनों की खामोशी के बाद समय रैना ने अपने नए कॉमेडी स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ (Still Alive) के साथ धमाकेदार वापसी की है। इस शो में समय ने न केवल विवादों पर चुप्पी तोड़ी, बल्कि रणवीर अल्लाहबादिया पर भी जमकर तंज कसे। समय ने शो के दौरान बताया कि उस पूरे विवाद ने उनकी मेंटल हेल्थ पर बहुत बुरा असर डाला था। उन्होंने हंसी-मजाक के बीच यह भी साफ किया कि वह जल्द ही 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन लेकर आ रहे हैं, जो पहले से भी ज्यादा 'वाइल्ड' होने वाला है।
समय रैना के इन कमेंट्स के बाद हर कोई इंतजार कर रहा था कि रणवीर अल्लाहबादिया इस पर क्या कहेंगे। शनिवार, 11 अप्रैल को जब पैपराजी ने रणवीर को मुंबई में स्पॉट किया, तो उनसे समय रैना को लेकर सवाल पूछ लिया गया। रणवीर ने अपनी चिर-परिचित मुस्कान के साथ तंज कसते हुए बेहद मजाकिया और 'स्मार्ट' जवाब दिया।
रणवीर ने हंसते हुए कहा, “हम दोनों का समय चल रहा है…” जब पैप्स ने दोबारा समय रैना का नाम लिया, तो उन्होंने शब्दों के साथ खेलते हुए जवाब दिया, “समय… कौन समय? क्या समय? हमारा समय। ये हमारा समय है, मेरा समय अब है।”
रणवीर का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस उनके इस जवाब को समय रैना के लिए एक 'इनडायरेक्ट रोस्ट' मान रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, "रणवीर ने बातों-बातों में समय को उनकी जगह दिखा दी।" वहीं कुछ लोग इसे दोनों के बीच की एक हेल्दी बॉन्डिंग और मजाक के रूप में देख रहे हैं।
समय रैना के 'स्टिल अलाइव' के पहले एपिसोड ने यह तो साफ कर दिया है कि वे अपनी स्टाइल बदलने वाले नहीं हैं। वहीं रणवीर के जवाब ने इस मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब देखना यह है कि जब समय रैना अपना दूसरा सीजन लेकर आएंगे, तो क्या रणवीर एक बार फिर उनके साथ मंच साझा करते नजर आएंगे या यह जुबानी जंग किसी नए विवाद को जन्म देगी।