मनोरंजन

‘शराब की वजह से नहीं’, लिवर की गंभीर बीमारी पर फिर छलका ‘बिग बॉस’ विनर सना मकबूल का दर्द

Sana Makbul Emotional On Health Struggle: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री सना मकबूल हाल ही में अपनी सेहत को लेकर अपना दर्द बयां करते हुए नजर आईं।

2 min read
May 21, 2026
Sana Makbul Emotional On Health Struggle (सोर्स- filmygyan)

Sana Makbul Emotional On Health Struggle:टीवी इंडस्ट्री की चमकती दुनिया बाहर से जितनी खूबसूरत दिखाई देती है, उसके पीछे कलाकारों की निजी जिंदगी में उतनी ही मुश्किलें छिपी होती हैं। ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ की विनर और मशहूर अभिनेत्री सना मकबूल पिछले कुछ समय से किसी शो या इवेंट में नजर नहीं आ रही थीं। अब खुद सना ने अपनी जिंदगी के उस दर्दनाक दौर का खुलासा किया है, जिससे गुजरते हुए उन्होंने करियर से दूरी बना ली।

ये भी पढ़ें

‘मेलोडी खाओ खुद जान जाओ’, पीएम मोदी-मेलोनी के वीडियो के बाद सोनाक्षी सिन्हा के साथ पति जहीर ने किया मजाक

सना मकबूल ने लिवर सिरोसिस पर की बात (Sana Makbul Emotional On Health Struggle)

सना मकबूल ने हाल ही में 'फिल्मी ग्यान' के साथ बातचीत करते हुए अपनी सेहत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। अभिनेत्री ने कहा कि इस बीमारी को लेकर लोगों के बीच कई गलत धारणाएं हैं। कई लोग मानते हैं कि यह बीमारी शराब पीने से होती है, लेकिन सना ने साफ किया कि उन्होंने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया।

अभिनेत्री ने बताया कि बीमारी की शुरुआत में उन्हें लगातार शरीर से संकेत मिल रहे थे, लेकिन वह उन्हें नजरअंदाज करती रहीं। बिग बॉस ओटीटी 3 जीतने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। शो के बाद उन्हें लगातार काम मिलने लगा और वह कई महीनों तक बिना रुके शूटिंग करती रहीं। इसी बीच उन्होंने घर और परिवार की जिम्मेदारियों को भी संभाला, जिसके चलते अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पाईं।

सना मकबूल ने बयां किया दर्द

धीरे-धीरे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि उनके पेट में पानी भर चुका है। इसके बाद कई मेडिकल टेस्ट किए गए और लिवर की बायोप्सी भी हुई। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर चेतावनी दी। सना के मुताबिक डॉक्टरों ने कहा था कि अगर कुछ महीनों में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें लिवर ट्रांसप्लांट तक कराना पड़ सकता है।

सना ने बताया कि उनके लिए ये समय बहुत मुश्किल था क्योंकि एक तरफ उनका करियर ऊंचाइयों पर पहुंच रहा था और दूसरी तरफ उनकी सेहत लगातार खराब होती जा रही थी। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर पूछते थे कि वह अचानक इंडस्ट्री से गायब क्यों हो गईं, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह कितने दर्द और मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।

बीमारी के इलाज के लिए बनाई दूरी

अपनी बीमारी से लड़ने के लिए सना ने सबसे पहले काम से दूरी बनाई। उन्होंने खुद को पूरी तरह आराम और इलाज के लिए समर्पित कर दिया। धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार आने लगा। अभिनेत्री का कहना है कि इस मुश्किल दौर ने उन्हें जिंदगी की असली अहमियत समझाई।

इसी बीमारी की वजह से सना को एक बड़ा फैसला भी लेना पड़ा। वो एडवेंचर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का हिस्सा बनने वाली थीं। शो के लिए लगभग सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन आखिरी समय में उन्होंने पीछे हटने का फैसला लिया। डॉक्टरों की सलाह और अपनी बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्होंने जोखिम नहीं उठाया।

टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम

सना मकबूल टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने ‘इस प्यार को क्या नाम दूं’, ‘विष’ और कई लोकप्रिय शोज में काम किया है। रियलिटी शोज और म्यूजिक वीडियोज के जरिए भी उन्होंने खूब लोकप्रियता हासिल की। बिग बॉस ओटीटी 3 जीतने के बाद उनकी फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ था।

ये भी पढ़ें

‘ममता कुलकर्णी और दिव्या भारती बहुत घमंडी थीं’, डांसर ने सालों बाद किया चौंकाने वाला खुलासा
Updated on:
21 May 2026 08:43 am
Published on:
21 May 2026 08:39 am
Also Read
View All