
Shilpa Shirodkar and Mithun Chakraborty: बॉलीवुड और साउथ इंडियन एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने 2 दशक बाद दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने दिग्गज अभिनेता को अब तक उनको मिले 'सबसे दयालु इंसान' बताया। उन्होंने मिथुन दा को अपनी सफलता का क्रेडिट भी दिया।
'गोपी किशन' फिल्म की अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर मिथुन के साथ एक फोटो शेयर करते हुए बताया कि इतने लंबे समय के बाद भी कुछ नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि अगर उस समय मिथुन ने उन पर भरोसा नहीं जताया होता, तो आज वह जो हैं, वह नहीं होतीं।
दिग्गज अभिनेता को अपना 'सबसे पसंदीदा' बताते हुए, शिल्पा ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, "2 दशक बीत गए, लेकिन कुछ भी नहीं बदला है! आज मिथुन दा से मुलाकात हुई और हमने पुराने दिनों को याद करते हुए बहुत अच्छा समय बिताया। सच कहूं तो, अगर उस समय उन्होंने मुझ पर भरोसा नहीं किया होता, तो आज मैं जो हूं, वह नहीं होती।"
उन्होंने आगे लिखा, "दादा, मुझ पर हमेशा भरोसा करने और इतना प्यार देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। आप अब तक मिले सबसे दयालु इंसान हैं, और आज भी बिल्कुल वैसे ही हैं। आप हमेशा मेरे सबसे पसंदीदा 'दादा' रहेंगे! बहुत सारा प्यार, मेरे दादा!" बता दें कि 1990 के दशक में शिल्पा और मिथुन की जोड़ी ऑन-स्क्रीन सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक थी। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है।
दरअसल, शिल्पा ने 1989 में फिल्म 'भ्रष्टाचार' से मिथुन चक्रवर्ती के साथ ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म में रेखा, अनुपम खेर और रजा मुराद मुख्य भूमिकाओं में थे, और रजनीकांत भी कैमियो में नजर आए थे। बाद में शिल्पा और मिथुन ने 'योद्धा (1991)', 'त्रिनेत्र (1991)', 'हिटलर (1998)' और 'रंगबाज़ (1996)' जैसे कई अन्य प्रोजेक्ट्स में काम किया।
काम की बात करें तो, शिल्पा जल्द ही आने वाली वेब सीरीज "शंकरा द रिवोल्यूशनरी मैन" में नजर आएंगी। राजर्षि भूपेंद्र मोदी के सहयोग से 'मोदी स्टूडियोज' द्वारा प्रस्तुत यह ड्रामा, संत और दार्शनिक आदि शंकराचार्य के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। इसमें अभिषेक निगम, रति पांडे, राजेश श्रृंगारपुरे, फर्नाज शेट्टी और मनोज जोशी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।