
Yash Maheshwari Controversy: मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को पटना में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। उन्होंने अपने एक शो के दौरान बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी की थी। उन्होंने छठ पूजा के समय बिहार की महिलाओं द्वारा लंबी मांग में सिंदूर लगाने की परंपरा का मजाक उड़ाया और सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के प्राइवेट पार्ट से की। इतना ही नहीं एक और वीडियो में, कॉमेडियन ने घरेलू हिंसा से जुड़े रूढ़िवादी विचारों का जिक्र करते हुए मजाक में कहा कि बिहारी महिलाओं को हरियाणवी पुरुषों से शादी कर लेनी चाहिए।
पटना पुलिस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बताया कि यश माहेश्वरी के खिलाफ IT एक्ट की धाराओं 75(1), 79, 351, 352 और 66(C), 66(D) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की गई है, क्योंकि यश के वीडियो में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ सकती हैं और अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा कर सकती हैं। इस मामले की जांच पटना साइबर पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।