
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की एक फोटो। (फोटो सोर्स: IMDb)
Jo Bachay Hain Sang Samait Lo Controversy: मंगलवार को कराची में आयोजित एक लॉन्च इवेंट में नेटफ्लिक्स ने अपने पहले पाकिस्तानी ओरिजिनल वेबसीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर जारी किया। इस लॉन्च में शो की स्टार-कास्ट शामिल हुई, जिसमें फवाद खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रज़ा मीर, बिलाल अशरफ, इकरा अजीज, माया अली और हमजा अब्बासी मौजूद थे। हालांकि, माहिरा खान इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान, फवाद ने 'जो बचे हैं संग समेट लो' को पाकिस्तान के लिए एक "जीत" बताया। उन्होंने मंच से कहा, "मुझे नहीं लगता कि किसी और के साथ यह सफर इतना खूबसूरत हो पाता। इसे मुमकिन बनाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। यह पाकिस्तान के लिए एक जीत है, और इसका हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी और गर्व हो रहा है।"
इसके साथ ही फवाद ने उम्मीद जताई कि नेटफ्लिक्स शो से उन सभी के लिए और भी नए मौके खुलेंगे। उन्होंने कहा, "वैसे भी, पाकिस्तानी ड्रामा के दर्शक बहुत बड़ी संख्या में हैं और पूरी दुनिया में फैले हुए हैं। इनमें से कई नाटकों का दूसरी भाषाओं में अनुवाद भी किया जाता है। कुछ ऐसे शो भी हैं जिन्होंने नेटफ्लिक्स पर अच्छा प्रदर्शन किया है, जैसे 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है'।" इसके आगे एक्टर ने कहा, "लोग लंबे समय से पाकिस्तानी शो देखते आ रहे हैं। अब, यह 191 देशों के और भी ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा और एक बड़े स्तर पर दिखाई देगा। यह पाकिस्तान की केवल एक तरह की तस्वीर पेश नहीं करता।
वहीं, हानिया आमिर ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें 'जो बचे हैं संग समेट लो' के जरिए इतिहास का हिस्सा बनने का मौका मिला। इस शो में पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हैं। "दुनिया भर में जो भी मेरे प्रशंसक हैं, उन्होंने यकीनन पाकिस्तानी ड्रामा देखे होंगे। मुझे जो शोहरत मिली है, वह पाकिस्तानी टेलीविजन और फिल्मों की बदौलत है। यह हमारे लिए बस एक शुरुआत है। हमारी कहानियां दुनिया भर में जानी जाती हैं और लोग इन्हें लेकर काफी उत्साहित हैं। नेटफ्लिक्स पर आने से ये और भी आसानी से लोगों तक पहुंच सकेंगी। इसलिए, यह सभी के लिए फायदे की बात है।"
फरहत इश्तियाक के मशहूर उर्दू नॉवेल पर आधारित 'जो बचे हैं संग समेट लो' 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। ज्यादातर इटली में शूट किए गए इस शो पर 2023 से काम चल रहा था, जो अब आने वाले हफ्ते में रिलीज होगा।
इस बीच, 'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि 'जो बचे हैं संग समेट लो' को नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज होने से रोका जाए। AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने लिखा, "8 मई 2025 को सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें भारत के सभी OTT प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सर्विस और मध्यस्थों से कहा गया था कि वे पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट, जैसे वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग मीडिया, को दिखाना बंद करें। इस सीरीज को रिलीज़ करना उस एडवाइजरी के उद्देश्य और देश की भावनाओं के खिलाफ है।"
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2026, 2:40 PM IST
Published on:
25 Nov 2026, 2:38 PM IST
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन




