
एटा। जज लोया की मौत के मामले में एसआईटी जांच की मांग वाली याचिका खारिज होने और जनहित याचिका के दुरुपयोग पर सुप्रीमकोर्ट की सख्त टिप्प्णी के बाद भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा सांसद व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजवीर सिंह राजू भैया ने भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जज लोया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को निर्दोष साबित किया था उसके बाद उनकी नेचुरल मौत हो गई लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की। कांग्रेस ने फर्जी पीआईएल दायर करवाईं जबकि जज लोया के पुत्र ने भी स्वीकार किया था कि उनकी नेचुरल मौत हुई है। राजवीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने ये सब जानबूझ कर किया, अब सुप्रीमकोर्ट की टिप्पमी के बाद कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस मांगे माफी
राजवीर सिंह ने आरोप लगया कि कांग्रेस ने यह कार्य केवल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा को बदनाम करने के लिए किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस कदम की मैं निंदा करता हूं और देश के सामने इन लोगों को माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस को अमित शाह से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जज ब्रजकिशन लोया की मौत को बेवजह राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि जस्टिस लोया की मौत पर कोई कहता है कि यह एक कलंक है तो वह सुप्रीम कोर्ट पर के जजमेंट पर उंगली उठा रहा हैं।
फूलपुर-गोरखपुर हार से सबक
सपा, बसपा और कांग्रेस के गठबंधन पर राजवीर सिंह ने कहा कि जब कोई शक्तिशाली आदमी सामने होता है तो छोटे-मोटे पहलवान इकट्ठा होकर के आते हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह गठबंधन के नाम पर भाजपा को रोकने के लिए छोटे पहलवान आ रहे हैं, जो कभी भाजपा को हरा नहीं पाएंगे। गोरखपुर और फूलपुर की हार पर कहा कि भाजपा का वोट परसेंट कम नहीं हुआ है और भाजपा इस हार से सबक लेगी। कहां-कहां गलतियां हुई हैं उसमें सुधार करेंगे, 2019 के चुनाव में यह दोनों सीटें वापस लेंगे।