
एटा। 2019 लोकसभा चुनावों के मद्देनजर बूथ कमेटियों के बल पर चुनाव के पहले ही भाजपा अपनी सेना को चाक-चौबंद और मजबूत कर देना चाहती है। इसीके मद्देनजर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय आज एटा पहुंचे। जहां उन्होंने कुसाडी में बूथ सम्मेलन कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि बूथ कमेटियों के माध्यम से मोदी और योगी के कामों को गांव,गांव तक पहुंचा रहे हैं। जनता की कठिनाइयों को सरकार तक पहुंचा रहे हैं और इसका सेतु और माध्यम बन रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता और यही अभियान हमारी पार्टी की मुख्य ताकत है।
मीडिया से रुबरु होते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का हमने खुला सर्मथन किया है और आज भी पार्टी उस स्टैंड पर कायम है, राम मन्दिर जल्द ही बनेगा। मंदिर निर्माण के लिए हर संभव रास्ता निकले हम उसके लिए प्रतिबध और कटिबद्ध हैं। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा फैजाबाद और इलाहाबाद के नाम बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग इसे इनके मूल नाम से जानते थे और अब इसे इनकी मूल पहचान भी मिली है इसके लिए योगी सरकार बधाई की पात्र है।
वहीं उन्होंने एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी द्वारा अमित शाह के सरनेम 'शाह' की व्याख्या करने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मैं हिन्दी में पीएच़डी हूं और मैं हिन्दी ओवैसी को पढ़ा सकता हूं और उनको कई और शब्दों का ज्ञान भी दे सकता हूं। वहीं मंत्री राजभर के सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि उनके बयान को ज्यादा सीरियस लेने की कोई जरुरत नहीं है।