इटावा

जेल का दीवाना है यह शख्स, पत्नी को दिखाया तमंचा फिर खुद पहुंच गया चौकी

Etawah news : इटावा के बकेवर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल जाने की अनोखी चाहत में एक ट्रैक्टर चालक अपनी पत्नी को तमंचा दिखाकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

2 min read
Jun 03, 2026
Police
जेल जाने के लिए पत्नी को दिखाया तमंचा, PC- X

इटावा: जेल के भीतर जाने की इच्छा इतनी प्रबल हुई कि ट्रैक्टर चालक ने अपनी पत्नी को तमंचा दिखाकर धमकाया और खुद हथियार लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। यह विचित्र घटना इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव की है, जहां आरोपी कोमल सिंह जेल भेजे जाने की अपनी इच्छा पूरी करा चुका है।

मंगलवार को जब पुलिस कोमल सिंह को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई, तब उसने अपना राज खोल दिया। आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से सेंट्रल जेल देखना चाहता था। अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए उसने तीन दिन पहले बिना किसी विवाद के अपनी पत्नी संगीता को तमंचा दिखाकर धमकी दी। इसके तुरंत बाद वह तमंचा और दो कारतूस लेकर अहेरीपुर पुलिस चौकी पहुंच गया।

जेल जाउंगा, पत्नी बाहर निकलवा लेगी

पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। कोमल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह जानबूझकर यह सब कर रहा था ताकि उसे जेल भेज दिया जाए। वायरल वीडियो में उसने यह भी कहा कि 'जेल चला जाऊंगा तो मेरी पत्नी छह महीने के अंदर मुझे बाहर निकलवा लेगी।' उसके इस बयान को सुनकर अस्पताल स्टाफ और पुलिस कर्मी हैरान रह गए। वायरल वीडियो के कुछ अंश, 'गिट्टी मौरंग का ट्रैक्टर चलाता हूं…खुद का मालिक हूं। मेरे ड्राइवर ने चोरी की थी इसलिए उसे भगा दिया। मेरे पास 315 बोर का तमंचा है, मुझे जेल जाना है…जिस दिन भी जेल से जमानत पर बाहर आउंगा। बीवी के लिए लहंगा लेकर आउंगा।'

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन मालिक ने बताया कि आरोपी तमंचा लेकर क्षेत्र में घूम रहा था। गिरफ्तारी के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी नशे का आदी प्रतीत होता है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

जेल जाने की थी युवक की इच्छा

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कोमल सिंह खुलकर अपनी जेल जाने की इच्छा बता रहा है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। कुछ इसे मानसिक तनाव या नशे का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ इसे अजीबो-गरीब हरकत मानकर हैरानी जता रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी के स्वास्थ्य और पृष्ठभूमि की भी जांच शुरू कर दी है। पत्रिका इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड और अधिकारियों के बयान के आधार पर पूरी घटना सामने आई है।

Published on:
03 Jun 2026 02:20 pm