
मॉस्को: उत्तर कोरिया और अमरीका में जारी जुबानी जंग पर अब रुस ने प्रतिक्रिया दी है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के बीच जुबानी जंग को स्कूली बच्चों की लड़ाई जैसा बताया है।
ट्रंप ने यूएन में दिए गए भाषण में उत्तर कोरिया को बर्बाद करने की धमकी दी थी। जिसके बाद किम जोंग उन ने ट्रंप को कुत्ते की तरफ भौंकना बताया था। ट्रंप को मानसिक रूप से विक्षिप्त और बूढ़ा कह दिया। इसके जवाब में डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर किम जोंग उन को पागल कह दिया था।
किम को बताया रॉकेटमैन
इससे पहले बार बार मिसाइल दागने पर ट्रंप ने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को 'रॉकेट मैन' बताया था। ट्रंप ने रविवार को ट्वीट कर कहा, "मैंने बीती रात दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून से बात की। मैंने उनसे पूछा कि रॉकेट मैन कैसा है। उत्तर कोरिया में गैस लेने के लिए बड़ी-बड़ी कतारें लग रही हैं। बहुत बुरा है।
जुबानी जंग रोकने की जरुरत
रिपोर्ट के मुताबिक, लावरोव ने कहा कि इन गर्म दिमाग के दोनों नेताओं के बीच इस जुबानी जंग पर विराम लगने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "हां, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रमों को चुपचाप देखना अस्वीकार्य है लेकिन कोरियाई प्रायद्वीप में युद्ध छेड़ना भी अस्वीकार्य है।"
इन बच्चों को कोई रोक नहीं सकता
उन्होंने इस संबंध में राजनीतिक प्रक्रिया अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रक्रिया का मुख्य हिस्सा है। लावरोव ने कहा, "हम चीन के साथ मिलकर तार्किक रवैया अपनाएं न कि भावुक रवैया, जैसा कि जब स्कूली बच्चे लड़ना शुरू कर देते हैं और उन्हें कोई रोक नहीं सकता।"
कोरिया ने ट्रंप को बताया कुत्ता और पागल
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन में उत्तर कोरिया को पूरी तरह से नष्ट करने की धमकी दी थी। ट्रंप ने किम जोंग उन को 'रॉकेटमैन' करार देते हुए कहा था, "रॉकेटमैन आत्महत्या करने के मिशन पर है।" इस पर प्रतिक्रियास्वरूप किम जोंग उन ने ट्रंप को मानसिक रूप से विक्षिप्त कह दिया था।