फर्रुखाबाद

फर्रुखाबाद: बाढ़ में घर गंवाने वाले 31 परिवारों को CM योगी का सहारा, जमीन के साथ मिले 1.20 लाख रुपये

Farrukhabad News: फर्रुखाबाद में CM योगी ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री और जमीन के पट्टे दिए। 31 परिवारों को घर बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता मिली, साथ ही एक्सप्रेसवे का बड़ा ऐलान किया।
2 min read
Yogi Adityanath on Akhilesh Yadav
सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो- पत्रिका)

CM Yogi Adityanath: फर्रुखाबाद में गंगा की बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। फतेहगढ़ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और 995 लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान 31 ऐसे परिवारों को जमीन के पट्टे के अभिलेख दिए गए, जिनके घर बाढ़ में बह गए थे। इन परिवारों को पट्टे की जमीन पर मकान बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया।

31 परिवारों को मिला जमीन का पट्टा

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को अपने हाथों से राहत सामग्री दी और बाढ़ प्रभावित परिवारों का हाल जाना। कार्यक्रम में 31 बाढ़ पीड़ितों को भूमि का पट्टा दिया गया। पट्टे पर मिली जमीन पर मकान बनाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया। इससे बाढ़ में घर खोने वाले परिवारों को दोबारा अपना घर बनाने में मदद मिलेगी।

995 लोगों को राहत सामग्री

पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में बनाए गए राहत शिविर में मुख्यमंत्री करीब 12:06 बजे पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 995 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी गई। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की जरूरतों का भी जायजा लिया गया।

फर्रुखाबाद को एक्सप्रेसवे की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार फर्रुखाबाद को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से मुक्त करने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का एक लिंक एक्सप्रेसवे फर्रुखाबाद तक आ रहा है, जो इसे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इससे फर्रुखाबाद एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि अब इस क्षेत्र को भी अपना एक्सप्रेसवे मिलेगा।

10 हजार लोगों के लिए पंडाल

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया था। इसमें 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पंडाल भर गया। बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित परिवार और अन्य लोग मुख्यमंत्री को सुनने के लिए पहुंचे। लोगों के वाहनों के लिए प्रशासन ने 12 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की थी।

हवाई सर्वे के बाद पहुंचे CM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पहले जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। उनका हेलीकॉप्टर करीब आधा घंटा देरी से दोपहर 11:58 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचा। हेलीकॉप्टर दिखाई तो दिया, लेकिन काफी ऊंचाई पर था। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री फर्रुखाबाद पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड की ओर पहुंचे।

Updated on:
03 Sept 2026 05:00 pm
Published on:
03 Sept 2026 05:00 pm
Also Read
View All