
Thierry Henry on Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल फुटबॉल टीम की शुरुआत निराशाजनक हुई है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में पुर्तगाल को डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिसके बाद टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर कई पूर्व दिग्गजों ने सवाल खड़े किए हैं।
मैच के शुरू में तो पुर्तगाल को बढ़त भी मिल गई थी, लेकिन आखिर तक रोनाल्डो और टीम कुछ खास नहीं कर पाए। जोआओ नेवेस ने सिर्फ 6 मिनट में गोल करके पुर्तगाल को 1-0 की लीड दिला दी थी। लेकिन पहले हाफ में ही योआने विस्से ने बराबरी कर दी। उसके बाद पूरा मैच पुर्तगाल के लिए संघर्ष भरा रहा।
रोनाल्डो टीम के मुख्य स्ट्राइकर थे, लेकिन पूरे मैच में उनका प्रदर्शन काफी फीका रहा। सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की हो रही है जब 68वें मिनट में फ्रांसिस्को कोंसेइकाओ ने रोनाल्डो को पासबैक दी। रोनाल्डो ने शॉट तो मारा, लेकिन गेंद पास के पोस्ट से बाहर चली गई।
समस्या ये थी कि उनके पीछे ब्रूनो फर्नांडेस बिल्कुल खाली और बेहतर पोजीशन में खड़े थे। अगर रोनाल्डो शॉट की बजाय गेंद को आगे बढ़ाते तो ब्रूनो को गोल करने का आसान मौका मिल जाता। यही बात अब रोनाल्डो पर भारी पड़ रही है। फ्रेंच फुटबॉल के दिग्गज थिएरी हेनरी ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी।
हेनरी ने फॉक्स स्पोर्ट्स पर कमेंट्री करते हुए कहा, "एक बात बहुत जरूरी है, घर बैठे लोग समझ लें, टीम को गोल करने की जरूरत है, आपको खुद को गोल करने की नहीं। रोनाल्डो गोल करना चाहते हैं, इसलिए वो बैक पास की राह में आ जाते हैं। इससे दोनों प्लेयर्स एक साथ आ जाते हैं और डिफेंडर के लिए आसान हो जाता है। अगर वो सिक्स यार्ड बॉक्स की तरफ जाते तो ब्रूनो फर्नांडेस को खाली गोल मिल जाता। मेरा यही कहना है, टीम को स्कोर करना है, न कि आपको खुद को।"
रोनाल्डो फुटबॉल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं, इसमें कोई शक नहीं। लेकिन इस मैच में उनकी वो पुरानी भूख और टीम के लिए खेलने की समझ थोड़ी कम नजर आई। हालांकि इस हार के बाद रोनाल्डो ने टीम का बचाव किया है।
रोनाल्डो ने कहा कि डीआर कांगो के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल टीम के प्रदर्शन में कोई कमी नहीं थी। रोनाल्डो खुद इस मुकाबले में कोई गोल नहीं कर सके। रोनाल्डो के तीनों शॉट गोल पोस्ट से बाहर चले गए। रोनाल्डो ने मैच के बाद पुर्तगाल के 'स्पोर्ट टीवी' से एक छोटी बातचीत में कहा, "कुछ भी कमी नहीं थी, फुटबॉल ऐसा ही है। हम जीत भी सकते थे।"
अपने करियर के छठे वर्ल्ड कप के पहले मैच में रोनाल्डो का एक भी शॉट गोल पोस्ट में नहीं पहुंचा। यह दूसरी बार भी है जब उन्होंने वर्ल्ड कप मैच में 90 मिनट तक टारगेट पर कोई शॉट नहीं मारा। रोनाल्डो के करियर का यह 23वां वर्ल्ड कप मैच था। वह फीफा विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे नंबर पर आ गए हैं। रोनाल्डो पुर्तगाल की तरफ से 10 बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट (वर्ल्ड कप और यूरो कप) खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 33 शॉट खेले हैं, जिसमें से 11 शॉट टारगेट पर पहुंचे हैं।
पुर्तगाल ने डीआर कांगो के खिलाफ 75 प्रतिशत से ज्यादा समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन टीम मुकाबले में दूसरा गोल करने में नाकाम रही। पुर्तगाल ने मैच में अपना पहला गोल छठे मिनट में किया। जोआओ नेवेस ने टीम के लिए पहला गोल दागा। हालांकि, फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में योआन वीसा ने डीआर कांगो की ओर से पहला गोल करते हुए स्कोर को पहले हाफ के अंत में बराबर कर दिया। इसके बाद डीआर कांगो के डिफेंस ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पुर्तगाल को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने रोनाल्डो के खराब प्रदर्शन का बचाव किया। उन्होंने कहा, "जब आपको गोल की जरूरत हो, तो रोनाल्डो जैसे खिलाड़ी को बेंच पर बैठाने का कोई मतलब नहीं है।" उन्होंने कहा कि रोनाल्डो डिफेंडर्स को अपनी ओर खींचने का काम करते हैं, जिसकी वजह से बाकी खिलाड़ियों को गोल करने के लिए जरूरी जगह मिल पाती है। पुर्तगाल अब अगले मुकाबले में मंगलवार को उज्बेकिस्तान से भिड़ेगा।