
नई दिल्ली। ब्राजील के फुटबाल क्लब ग्रेमियो के मिडफील्डर आर्थर अगले साल जनवरी में स्पेनिश क्लब बार्सिलोना में शामिल हो सकते हैं। ब्राजीलियाई मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, यह करार '90 प्रतिशत तक पूरा हो गया है।'समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों क्लबों के अधिकारी पिछले साल दिसम्बर से ही 21 वर्षीय खिलाड़ी आर्थर को लेकर चर्चा कर रहे हैं। 'ग्लोबोस्पोर्टे' की रिपोर्ट के अनुसार, बार्सिलोना के अधिकारी ने कहा, "ऐसा कहा जा सकता है कि यह सौदा 90 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। अभी थोड़ा काम होना बाकी है।"
2024 तक के लिए बार्सिलोना के खिलाड़ी बन जाएंगे आर्थर
अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों ने पांच साल के करार पर हामी भर दी है। इसका साफ मतलब यह है कि आर्थर करार के पक्का होने के बाद 2024 तक के लिए बार्सिलोना के खिलाड़ी बन जाएंगे। ग्रेमियो क्लब के अध्यक्ष रोमिल्डो बोल्जान ने इससे पहले इस सौदे के होने की बात से इनकार किया था। एक रेडियो चैनल को दिए बयान में बोल्जान ने कहा था, "कई स्तर पर चर्चा हुई है, लेकिन फिलहाल स्थानांतरण को पक्का नहीं माना जा सकता है।" आर्थर का नाम बार्सिलोना के अलावा, रियल मेड्रिड, मैनचेस्टर सिटी, चेल्सी और मोनाको से जोड़ा जा रहा है।
लेगानेस को हराकर तीसरे स्थान पर रियल मेड्रिड
वहीं स्पेनिश लीग के 16वें दौर में खेले गए मैच में जीत हासिल करने के साथ ही रियल मेड्रिड ने लीग सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बुधवार रात को खेले गए इस मैच में रियल ने लेगानेस को 3-1 से मात दी। इस जीत के साथ रियल ने भले ही वालेंसिया को पछाड़कर लीग सूची में तीसरा स्थाम हासिल किया हो, लेकिन वह अब भी दूसरे स्थान पर काबिज एटलेटिको मेड्रिड से सात और शीर्ष पर विराजमान बार्सिलोना से 14 अंक दूर है।
कई अहम खिलाड़ियों को आराम
इस मैच के लिए रियल के कोच जिनेदिन जिदान ने कई अहम खिलाड़ियों को आराम दिया। इसमें गोलकीपर केलोर नवास भी शामिल हैं। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। लेगानेस ने इस मैच की शुरुआत अच्छी की थी। उसने छठे मिनट में उनाई बुस्तिंजा की ओर से दागे गए गोल के दम पर खाता खोला। हालांकि, इसके बाद टीम इस मैच में और कोई गोल नहीं कर पाई। लुकास ने 11वें मिनट में कासेमीरो की ओर से मिले पास को गोल में तब्दील किया और रियल का स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 29वें मिनट में कासेमीरो ने गोल कर रियल को 2-1 की बढ़त दी। इसके बाद, दूसरे हाफ में रियल ने अपने अच्छे डिफेंस के दम पर लेगानेस को गोल करने का मौका नहीं दिया और 90वें मिनट में सर्गियो रामोस की ओर से किए गए गोल के दम पर 3-1 से जीत हासिल की।