गरियाबंद

Gariaband News: रेत खदानों में नियमों की अनदेखी, BJP नेता ने खनिज विभाग पर लगाए मिलीभगत के आरोप

Chhattisgarh Municipal Elections 2026; गरियाबंद में रेत खदानों के संचालन और उत्खनन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कहीं रात में भूमिपूजन तो कहीं नियमों की अनदेखी कर खनन के आरोप लगे हैं।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:06 PM IST
Gariaband News
Gariaband News: रेत खदानों में नियमों की अनदेखी(photo-patrika)

Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रेत खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिले में अलग-अलग जगहों पर रेत खदानों के संचालन और उत्खनन के तरीकों पर सवाल उठ रहे हैं। कहीं रात के अंधेरे में रेत खदान का भूमिपूजन कर खनन और परिवहन शुरू करने की बात सामने आई है, तो कहीं नदियों में निर्धारित नियमों की अनदेखी कर रेत निकालने के आरोप लगे हैं। इन मामलों में खनिज विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

CG Nikay Chunav: सरकंडा में रात के अंधेरे में रेत खदान का भूमिपूजन

पांडुका थाना क्षेत्र के ग्राम सरकंडा में रात के समय रेत खदान का भूमिपूजन किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में कुछ लोग रात के अंधेरे में खदान स्थल पर पूजा-पाठ करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि भूमिपूजन के साथ ही मशीनों से रेत का उत्खनन और परिवहन भी शुरू कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पांडुका क्षेत्र के एक रसूखदार व्यक्ति ने खदान पट्टेदार से सरकंडा रेत खदान लीज पर ली है। इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि यदि खदान का आवंटन शासन के निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुआ है, तो रात के अंधेरे में भूमिपूजन करने की जरूरत क्यों पड़ी?

उन्होंने खदान संचालक के पास शासन की अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति, खनन अनुबंध और अन्य जरूरी दस्तावेज होने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही उन्होंने खनिज विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।

सूखा नदी में पोकलेन मशीन से खनन के आरोप

फिंगेश्वर की सूखा नदी में स्वीकृत रेत खदान के संचालन को लेकर भी विवाद सामने आया है। आरोप है कि निविदा के जरिए खदान लेने वाला ठेकेदार खनन के निर्धारित नियमों की अनदेखी कर रहा है। यहां पोकलेन मशीन से हाईवा में रेत भरकर परिवहन किए जाने की बात कही जा रही है।

इसके अलावा शाम 5 बजे के बाद खनन पर रोक होने के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी रेत निकालने और लीज के तय क्षेत्र से बाहर उत्खनन करने के आरोप लगे हैं। करीब पखवाड़े भर पहले स्थानीय लोगों ने भी ठेकेदार के खिलाफ विरोध जताया था। ग्रामीणों का आरोप था कि ठेकेदार ने नदी का तटबंध तोड़कर आम रास्ते को प्रभावित किया है।

शिकायत के बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बाद गुपचुप तरीके से अवैध संचालन की अनुमति दे दी गई। उनका कहना है कि अब खनिज विभाग की ओर से मौके पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पैरी नदी के मालगांव घाट में भी अवैध उत्खनन की शिकायत

गरियाबंद जिला मुख्यालय के नजदीक मालगांव घाट में पैरी नदी पर भी अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि यहां लंबे समय से ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर खनिज विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप लगाने वालों का कहना है कि विभाग की टीम इसी रास्ते से रोजाना गुजरती है, इसके बावजूद कथित अवैध खनन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, पीएम आवास के हितग्राहियों के घरों तक रेत पहुंचाने वाले ट्रैक्टरों पर कार्रवाई किए जाने का हवाला देते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: SDM

पूरे मामले में राजिम एसडीएम नेहा भेड़िया ने कहा कि सरकंडा रेत खदान में रात के समय भूमिपूजन किए जाने की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने संबंधित तहसीलदार से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम के मुताबिक, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिले में सरकंडा, सूखा नदी और पैरी नदी से जुड़े इन मामलों ने रेत खनन की निगरानी और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब प्रशासनिक जांच और खनिज विभाग की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:06 PM IST
Published on: